Congress declared candidates for all 90 seats in Haryana, party showed confidence in old MLAs: कांग्रेस ने हरियाणा की सभी 90 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए, पार्टी ने पुराने विधायकों पर दिखाया विश्वास

0
233

नई दिल्ली, एजेंसी। हरियाणा में लगभग सभी पार्टियों ने अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी थी लेकिन कांग्रेस के उम्मीदवारों का नाम घोषित होने में लगातार समय लग रहा था। कई बैठकों और गहन मंथन के बाद अब कांग्रेस ने भी अपनी लिस्ट जारी कर दी है। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए सभी 90 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए जिनमें वरिष्ठ नेताओं भूपेंद्र सिंह हुड्डा, रणदीप सुरजेवाला और कुलदीप बिश्नोई के नाम शामिल हैं। ्रकांग्रेस ने अपने पुरान विधायकों पर ही दांव लगाया है। केवल एक विधायक को टिकट नहीं दिया गया है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की मुहर लगने के बाद बुधवार देर रात 84 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की गई और फिर बृहस्पतिवार को शेष छह सीटों के लिए उम्मीदवारों की दूसरी एवं अंतिम सूची जारी हुई। हरियाणा कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा और पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर का नाम लिस्ट में नहीं है। कयास लगाए जा रहे थे कि कुमारी शैलजा भी विधान सभा चुनाव लड़ेंगी। सूत्रों के अनुसार शैलजा ने आलाकमान के समक्ष पहले ही विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने की इच्छा जाहिर कर दी थी। हालांकि वह इस समय राज्यसभा सदस्य हैं। जबकि अशोक तंवर को टिकट नहीं दिए जाने के प्रति कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

हालांकि अशोक तंवर ने पहले ही टिकट बंटवारे में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था और दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर अपने समर्थकों के साथ प्रदर्शन भी किया था। उम्मीदवारों में प्रमुख नाम पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा का है जिन्हें गढ़ी सांपला किलोई सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला कैथल विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के दोनों पुत्रों कुलदीप बिश्नोई और चंद्र मोहन को भी टिकट मिला है। बिश्नोई हिसार की आदमपुर सीट से और उनके भाई एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्र मोहन पंचकूला से चुनाव लड़ेंगे। पूर्व नेता प्रतिपक्ष किरण चौधरी तोशाम से चुनाव लड़ेंगी। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा को पार्टी ने गन्नौर सीट से प्रत्याशी घोषित किया है। राज्य सरकार के पूर्व मंत्री आफताब अहमद को नूंह से उम्मीदवार बनाया गया है। हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस के 17 विधायक हैं, जिनमें से पार्टी ने केवल रेणुका विश्नोई को उम्मीदवार नहीं बनाया है, जो हांसी से विधायक हैं।

SHARE