मामलों की जांच में जुटी पुलिस
(आज समाज), करनाल/भिवानी: हरियाणा के करनाल में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान 21 वर्षीय रवि के रूप में हुई है। रवि गांव सिरसी रहने वाला था। वह एक निजी कंपनी में काम करता था। आज पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी अनुसार जिले के गांव सिरसी निवासी रवि जोकि एक कंपनी में काम करता था। गुरुवार देर रात रात को नाइट शिफ्ट समाप्त करने के बाद वह साइकिल पर घर लौट रहा था। जैसे ही वह मधुबन में पुलिस अकादमी के पीटीसी गेट के नजदीक पहुंचा तो अज्ञात हमलावरों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
आसपास के लोगों ने पुलिस को दी सूचना
रवि गंभीर रूप से घायल हो गया था। आसपास के लोगों ने डायल-112 को कॉल किया। जिसके बाद ईआरवी-422 मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस वाले रवि को पहले अर्पणा अस्पताल लेकर पहुंचे, इसी दौरान रवि ने पुलिस को हमलावरों के बारे में सिर्फ इतना ही बताया था कि दो-तीन युवक थे। अर्पणा अस्पताल के डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया। जहां पर उसे लेकर पहुंचे, तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना के बाद पुलिस व परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक, रवि के परिवार में उसके माता-पिता, तीन बहने और एक छोटा भाई भी है। रवि की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा है। परिवार का रो रोकर बुरा हाल है। मधुबन थाना प्रभारी गौरव पुनिया ने बताया कि हमले में रवि की मौत हुई है। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है, ताकि कोई सुराग लग सके।
साथी संग घर में घुसा पोता, दादा-दादी पर किया हमला
वहीं हरियाणा के भिवानी में जमीनी विवाद एक पोते ने अपनी दादी को मौत की नींद सुला दिया। तोशाम पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना ईश्वरवाल गांव में तोशाम रोड स्थित खेत में बने मकान में हुई है। यहां मकान में 52 वर्षीय सुनीता अपने 56 वर्षीय पति दलबीर के साथ रहती है।
बीती गुरुवार की रात दोनों अपने मकान में सो रहे थे। गुरुवार देर रात घर दलबीर के सगे भाई धमबीर का पोता अपने साथी संग घर में घुसा। इसके बाद उसने सो रहे पति-पत्नी पर हमला कर दिया। दोनों को गंभीर चोटें मारी। चोट लगने के बाद दोनों को वहां से इलाज के लिए तोशाम अस्पताल लाया गया।
जहां चेकअप के बाद डॉक्टरों ने सुनीता को मृत घोषित कर दिया। जबकि दलबीर को इलाज के लिए वहां से हिसार से ले जाया गया। महिला सुनीता के शव को तोशाम के सब-डिवीजन अस्पताल में रखी गई है। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: रोहतक में 152डी फ्लाईओवर पर सड़क किनारे खड़े ट्रक में टकराई कार, 3 लोगों की मौत