US Israel Vs Iran War: ईरान की सबसे बड़ी गैस फील्ड पर इजराइली हमला

0
374
US Israel Vs Iran War: ईरान की सबसे बड़ी गैस फील्ड पर इजराइली हमला
US Israel Vs Iran War: ईरान की सबसे बड़ी गैस फील्ड पर इजराइली हमला

18 मार्च को भी इसी गैस फील्ड को बनाया गया था निशाना
US Israel Vs Iran War, (आज समाज), तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी: इजराइल ने सोमवार को ईरान की साउथ पार्स गैस फील्ड पर फिर से मिसाइल हमला किया। यह दुनिया की सबसे बड़ी गैस फील्ड है, जो ईरान और कतर के बीच फैली हुई है। इससे पहले इजराइल ने 18 मार्च को भी इस गैस फील्ड पर हमला किया था। तब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा था कि उन्हें इस हमले की कोई जानकारी नहीं थी। ट्रम्प ने ये भी कहा था कि इस तरह के और हमले नहीं होने चाहिए। वहीं आज जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकाने के पास भी धमाकों की आवाज सुनी गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हमला अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाकर किया गया।

ईरान की धमकी, ग्लोबल सप्लाई कर देंगे ठप

अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक ईरान ने कहा है कि वह होर्मुज के अलावा दूसरे समुद्री रास्तों को भी निशाना बना सकता है। ईरानी सुप्रीम लीडर के सलाहकार अली अकबर वेलायती ने कहा कि किसी भी बड़ी कार्रवाई का जवाब सिर्फ सैन्य स्तर पर नहीं, बल्कि वैश्विक ऊर्जा और व्यापार पर असर डालकर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिर्फ स्ट्रेट आॅफ होर्मुज ही नहीं, बल्कि बाब-अल-मंदेब जैसे अहम समुद्री रास्ते भी खतरे में आ सकते हैं।

ट्रम्प ने होर्मुज स्ट्रेट खोलने का अल्टीमेटम दिया था

यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को होर्मुज स्ट्रेट खोलने का अल्टीमेटम दिया है और कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। इससे पहले ईरान के करीबी माने जाने वाले यमन के हूती विद्रोही रेड सी में जहाजों पर हमले की बात कह चुके हैं।

60 हजार टन एलपीजी लेकर आ रहे दो भारतीय जहाजों ने होर्मुज स्ट्रेट पार किया

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बावजूद भारत के लिए राहत की खबर है। सरकार ने बताया कि एलपीजी (रसोई गैस) लेकर आ रहे भारत के दो जहाज सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट पार कर चुके हैं और जल्द भारत पहुंचेंगे। इन जहाजों के नाम ग्रीन साध्वी और ग्रीन आशा हैं। इनमें कुल मिलाकर 60 हजार टन से ज्यादा गैस है। ग्रीन साध्वी 7 अप्रैल और ग्रीन आशा 9 अप्रैल तक भारत पहुंच सकती है। सरकार के मुताबिक, दोनों जहाज पूरी तरह सुरक्षित हैं और इनमें भारतीय नाविक भी सवार हैं। एक जहाज में करीब 46 हजार टन और दूसरे में लगभग 15 हजार टन गैस है।

अभी तक किसी भी भारतीय जहाज के साथ कोई हादसा नहीं हुआ

अधिकारियों ने यह भी बताया कि इस समय उस इलाके में भारत के 16 जहाज मौजूद हैं, जिनमें 400 से ज्यादा भारतीय काम कर रहे हैं। अच्छी बात यह है कि अभी तक किसी भी भारतीय जहाज के साथ कोई हादसा नहीं हुआ है।

अमेरिका चाहे तो पूरे ईरान को एक ही रात में खत्म कर सकता है : ट्रम्प

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ईरान जंग को लेकर प्रेस कांफें्रस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका चाहे तो पूरे ईरान को एक ही रात में खत्म कर सकता है। अगर जरूरत पड़ी, तो यह कार्रवाई कल रात भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि अभी युद्ध अमेरिका के मुताबिक चल रहा है और अमेरिकी सेना के पास इतनी ताकत है कि वह बहुत कम समय में बड़ा नुकसान पहुंचा सकती है।

अमेरिका अपने जवानों को कभी पीछे नहीं छोड़ता

ट्रम्प ने ईरान में फंसे अपने पायलटों को बचाने वाले सैन्य आॅपरेशन की जमकर तारीफ की है। उन्होंने इस मिशन को ऐतिहासिक बताया और कहा कि यह अमेरिकी सेना की बड़ी कामयाबी है। ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने खुद सेना को आदेश दिया था कि किसी भी कीमत पर अपने सैनिकों को सुरक्षित वापस लाया जाए। उन्होंने अमेरिकी सैनिकों को बहादुर बताते हुए कहा कि देश अपने जवानों को कभी पीछे नहीं छोड़ता।

 

ये भी पढ़ें: इतिहास रचने जा रहा नासा का आर्टेमिस 2 मिशन, चांद के अंधेरे हिस्से का दीदार करेंगे अंतरिक्ष यात्री

  • TAGS
  • [post_tags]