वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा द्वारा 47 कर्मचारी यूनियनों के साथ की गई बैठकें
Punjab News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा है कि प्रदेश सरकार का यह उद्देश्य है कि सभी कर्मचारियों की जायज मांगे जल्द से जल्द पूरी की जाएं। चीमा ने यह बात कर्मचारी यूनियनों के नेताओं के साथ बैठक के दौरान कही। ज्ञात रहे कि कर्मचारियों की समस्याओं को हल करने के लिए गठित कैबिनेट सब-कमेटी के चेयरमैन और पंजाब के वित्त मंत्री, एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने आज यहां 47 विभिन्न कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत बैठकें कीं। पांच घंटे से अधिक चली इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य राज्य सरकार की पारदर्शी और कर्मचारी-केंद्रित प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए, कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित मुद्दों को सुलझाना था।
यूनियनों की मुख्य मांग कर्मचारियों को पक्का करना
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने सभी 47 यूनियनों के प्रतिनिधियों की मांगों को बहुत ध्यान और सहानुभूति से सुना। इन यूनियनों में शिक्षा, स्वास्थ्य, जल आपूर्ति और बिजली विभाग के साथ-साथ ठेका कर्मचारियों और सांझे मोर्चों जैसी यूनियनों के प्रतिनिधि शामिल थे। यूनियनों द्वारा उठाए गए मुख्य मुद्दे ठेका आधारित और आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित करने से संबंधित थे, जिन पर वित्त मंत्री ने कानून के तहत सहानुभूतिपूर्ण समीक्षा का भरोसा दिया।
वित्त मंत्री ने विभागों को दिए निर्देश
कर्मचारियों की जायज मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने प्रशासनिक विभागों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। जिसके तहत पहला, प्रशासनिक विभागों को सख्त हिदायत दी गई कि कर्मचारी कल्याण से संबंधित किसी भी नीतिगत प्रस्ताव का मसौदा तैयार करने से पहले अंतिम रूप देने से पहले यूनियन प्रतिनिधियों को सक्रिय रूप से प्रक्रिया में शामिल किया जाए। इस कदम का उद्देश्य जमीनी हकीकतों को ध्यान में रखते हुए भविष्य की जटिलताओं को समाप्त करना है।
दूसरा, वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे उन सभी मामलों को तुरंत हल करें जो विभागीय स्तर पर कार्रवाई के दायरे में आते हैं। अंत में, जिन मामलों में कानूनी या वित्तीय जटिलताएँ शामिल हैं, उनके लिए विभागों को एडवोकेट जनरल, परसोनल विभाग और वित्त विभाग के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
ये भी पढ़ें : Chandigarh Breaking News : हमने किसी को चंडीगढ़ आने से नहीं रोका : डीआईजी