जानें ये रंग क्यों माने जाते हैं प्यार, समृद्धि और सौभाग्य के प्रतीक
(आज समाज), नई दिल्ली: करवा चौथ का त्योहार हर विवाहित महिला के लिए बेहद खास होता है। इस दिन महिलाएं पूरे दिन निर्जला व्रत रखती हैं और रात को चांद देखकर पति की लंबी उम्र की कामना करती हैं। इस व्रत का सिर्फ धार्मिक ही नहीं, बल्कि भावनात्मक महत्व भी बहुत गहरा होता है। करवा चौथ पर सही रंग पहनना सिर्फ फैशन नहीं बल्कि भावनाओं का प्रतीक है। लाल और मरून प्यार व सौभाग्य के, गुलाबी रोमांस का, पीला खुशी का और हरा नई शुरूआत का रंग माना जाता है।

इन पांच रंगों से न सिर्फ आपका लुक निखरेगा बल्कि त्योहार की पॉजिटिव एनर्जी भी बढ़ेगी। करवा चौथ पर पहने गए रंग सिर्फ खूबसूरती नहीं बढ़ाते, बल्कि ये रिश्ते की मजबूती, प्रेम और सौभाग्य के प्रतीक भी माने जाते हैं। चलिए जानते हैं ऐसे 5 रंग जो करवा चौथ के दिन पहनना शुभ माना जाता है।

प्यार और समृद्धि का रंग प्रतीक लाल रंग

लाल रंग करवा चौथ का सबसे पारंपरिक और शुभ रंग माना जाता है। यह रंग प्रेम, उत्साह और वैवाहिक बंधन की गहराई का प्रतीक है। भारतीय संस्कृति में लाल रंग को शादी और सुहाग से जोड़ा गया है। लाल चुनरी, साड़ी या लहंगा पहनना इस दिन को और भी पवित्र बना देता है। यह रंग न केवल सौंदर्य बढ़ाता है, बल्कि सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास का भी प्रतीक है। माना जाता है कि लाल पहनने से वैवाहिक जीवन में नई ऊर्जा और खुशहाली आती है।

मरून परंपरा और एलिगेंस का रंग

मरून यानी गहरा लाल, जो थोड़ी परिपक्वता और रॉयल लुक देता है। यह रंग उन महिलाओं के लिए परफेक्ट है जो एलिगेंट और ग्रेसफुल दिखना चाहती हैं। मरून रंग परंपरा और गहराई का प्रतीक है, जो रिश्तों में स्थिरता और आत्मविश्वास को दशार्ता है। अगर आप गोल्ड या सिल्वर ज्वेलरी के साथ मरून साड़ी या अनारकली पहनें, तो यह क्लासिक और ट्रेडिशनल दोनों अहसास दिलाएगा।

गुलाबी रोमांस और नारीत्व का प्रतीक

गुलाबी यानी पिंक रंग हमेशा से प्यार और कोमलता का प्रतीक रहा है। यह रंग किसी भी उम्र की महिला पर खिलता है और पूरे माहौल को हल्का, खुशगवार बना देता है। करवा चौथ जैसे त्योहार पर अगर आप हल्के पिंक या रोज पिंक कलर का आउटफिट पहनती हैं तो यह आपको मॉडर्न और ट्रेडिशनल दोनों लुक देगा। पिंक रंग रिश्तों में मिठास और सौम्यता का एहसास बढ़ाता है।

पीला खुशियों और पॉजिटिविटी का रंग

पीला रंग हमेशा से खुशहाली, ऊर्जा और नई शुरूआत का प्रतीक माना गया है। यह रंग त्योहारों की रौनक बढ़ा देता है और सुबह के समय किए जाने वाले पूजा-पाठ के लिए बेहद शुभ होता है। करवा चौथ की सवेरे की पूजा या सोलह श्रृंगार की शुरूआत आप पीले कपड़ों में करें, तो दिन की शुरूआत ही पॉजिटिविटी से भर जाएगी। यह रंग आपको अंदर से खुश और आत्मविश्वासी महसूस कराता है।

हरा सौभाग्य और नई शुरूआत का प्रतीक

हरा रंग करवा चौथ पर शुभता और सौभाग्य का प्रतीक है। यह रंग न सिर्फ प्रकृति और ताजगी का एहसास दिलाता है, बल्कि शादीशुदा जीवन में स्थिरता और शांति का प्रतीक भी है। हरे रंग की चूड़ियां और साड़ी भारतीय परंपरा में सुहागिन स्त्रियों की पहचान मानी जाती हैं। अगर आप ग्रीन कलर का सूट या साड़ी पहनें तो यह न केवल खूबसूरत लगेगा, बल्कि आपके रिश्ते में नई ऊर्जा भी भर देगा।

ये भी पढ़ें : बुधवार के दिन करें ये 4 उपाय, पलट जाएगी किस्मत

ये भी पढ़ें : कार्तिक महीने में करें ये 5 उपाय, मिलेगी भगवान विष्णु की विशेष कृपा