दोनों तरफ से चली गई राउंड गोली, मुठभेड़ में दोनों आतंकी हुए घायल

Ludhiana Crime News (आज समाज), लुधियाना : लुधियाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आतंकियों को हथियारों सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। हालांकि यह गिरफ्तारी आसानी से नहीं हो पाई। क्योंकि पुलिस से खुद को घिरा हुआ देखते हुए आतंकियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। मोर्चा संभालते हुए पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की जिसमें दोनों को गोली लगी और वे घायल हो गए। घायल अवस्था में दोनों को गिरफ्तार करते हुए पुलिस टीम अस्पताल ले गई जहां पर उनका उपचार किया जा रहा है। पुलिस अभी आरोपियों से किसी तरह की पूछताछ नहीं कर पाई है लेकिन संभावना जताई जा रही है कि दोनों का संबंध बब्बर खालसा इंटरनेशनल संगठन से है।

दो हैंड ग्रेनेड, चार पिस्तौल व 50 कारतूस बरामद

इस संबंधी जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मुठभेड़ में एक आरोपी को ज्यादा चोट आई है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है जबकि दूसरा सामान्य घायल है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपियों के कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड, चार पिस्तौल और 50 कारतूस बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि उक्त आरोपी हैंड ग्रेनेड हमला कर बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से जा रहे थे।

इस तरह मिली पुलिस को कामयाबी

पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई कर इनकी नापाक साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने कहा कि पिछले कुछ समय में पंजाब मे हैंड ग्रेनेड अटैक पाकिस्तान में बैठे आतंकी हरजिंदर सिंह रिंदा व अन्य के इशारे पर किए गए थे। संभव है कि ये दोनों आतंकी भी उन्हीं के इशारे पर पंजाब को दहलाने के इरादे से आए थे। फिलहाल दोनों की पहचान नहीं हो पाई है। जानकारी के अनुसार वीरवार शाम दोनों आतंकी लाडोवाल के पास से गुजर रहे थे। नाका लगाकर खड़े पुलिस मुलाजिम ने दोनों को रुकने का इशारा किया।

पुलिस को देख दोनों भाग निकले। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो दोनों ने गोलियां चलानी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस की कई टीमों ने मोर्चा संभाल लिया और दोनों को घायल कर गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा खुद मौके पर पहुंचे और हालात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आतंकियों से बरामद भारी मात्रा में असलहा बरामद किया गया है। आशंका है कि वो बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहे थे जिसे कमिश्नरेट पुलिस ने फेल कर दिया।

ये भी पढ़ें : Punjab News Update : गुरु साहिब के दिखाए मार्ग पर चलें : सीएम