Congress-JD(S)govt falls in Karnataka: कर्नाटक की गठबंधन सरकार की विदाई, भाजपा को यह पता चलेगा कि सब कुछ नहीं खरीदा जा सकता-प्रियंका गांधी

0
305

नई दिल्ली। आखिरकार कर्नाटक में चला आ रहा लंबे समय से नाटक अब खत्म हुआ। विश्वास प्रस्ताव पर चार दिनों तक लगातार बहस चलती रही और इसके बाद कर्नाटक की कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन की सरकार गिर गई। मुख्यमंत्री एच. डी. कुमारस्वामी के नेतृत्व में गठबंधन की सरकार अपना कार्यकाल पूरा किये बिना ही गिर गई। विधान सभा में वह विश्वास मत हासिल नहीं कर पाए। 225 सदस्यीय कनार्टक विधानसभा में विश्वास मत के लिए 20 विधायक सदन में उपस्थित नहीं हुए थे। विधानसभा अध्यक्ष के. आर. रमेश कुमार ने विश्वास मत के बाद सदन के सदस्यों को बताया कि मुख्यमंत्री एच. डी. कुमार स्वामी विश्वास मत हासिल नहीं कर सके। उन्होंने बताया कि विश्वास मत के पक्ष में 99 जबकि इसके खिलाफ 105 मत पड़े हैं। इसके साथ ही भाजपा ने कहा है कि वह कनार्टक में सरकार बनाने का दावा पेश करेगी। बताया जा रहा है कि सरकार बुधवार को सरकार बनाने का दावा पेश कर सकती है।

कर्नाटक मामले पर राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ” अपने पहले दिन से ही कांग्रेस-जद(एस) सरकार भीतर और बाहर के उन निहित स्वार्थ वाले लोगों के निशाने पर आ गयी थी जिन्होंने इस गठबंधन को सत्ता के अपने रास्ते के लिए खतरा और रुकावट के तौर पर देखा।” उन्होंने दावा किया, “उनके लालच की आज जीत हो गयी। लोकतंत्र, ईमानदारी और कर्नाटक की जनता हार गयी।”

वहीं पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भाजपा पर संस्थाओं और लोकतंत्र को व्यवस्थित ढंग से कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ”एक दिन भाजपा को यह पता चलेगा कि सब कुछ नहीं खरीदा जा सकता, हर किसी के पीछे नहीं पड़ा जा सकता और हर झूठ आखिरकार बेनकाब होता है।”गौरतलब है कि कर्नाटक में कांग्रेस-जद(एस) की सरकार मंगलवार को विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने में विफल रही और सरकार गिर गई। इसी के साथ राज्य में करीब तीन हफ्ते से चल रहे राजनीतिक नाटक का फिलहाल पटाक्षेप हो गया।

SHARE