Uttar Pradesh News : फिरौती के लिए बिल्डर के अपहरण की साजिश नाकाम, चार आरोपी गिरफ्तार

0
306
Plot to kidnap builder for ransom foiled, four accused arrested

Uttar Pradesh News(आज समाज नेटवर्क) गाजियाबाद। थाना लिंक रोड पुलिस ने फिरौती के लिए एक बिल्डर के अपहरण का प्रयास करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, एक रस्सी, दो अवैध तमंचे और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।पुलिस के अनुसार वसुंधरा निवासी राजेश पांडेय ने 21 जून को थाना लिंक रोड में शिकायत दर्ज कराई थी।

सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने खाटू श्याम इंडस्ट्रियल पार्क के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया 

उन्होंने बताया कि 16 जून को झंडापुर के पास इंदौर कंपनी के निकट पांच अज्ञात लोगों ने हथियारों के बल पर उनका अपहरण करने का प्रयास किया था, लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर भाग निकले। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने खाटू श्याम इंडस्ट्रियल पार्क के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्यम सिंह, गौतम मिर्धा, नितिन तिवारी और रोहित उर्फ हिटलर के रूप में हुई है।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मुख्य आरोपी सत्यम सिंह के पिता प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े थे और राजेश पांडेय से उनका परिचय था। आरोपियों को जानकारी थी कि राजेश पांडेय बड़े बिल्डर हैं और उनके पास पर्याप्त नकदी रहती है। इसी लालच में सभी ने मिलकर अपहरण की साजिश रची।

आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कई दिनों तक राजेश पांडेय के घर, कार्यालय और आने-जाने के रास्तों की रेकी की। 16 जून को उन्होंने उनकी कार रुकवाकर जबरन अपने वाहन में बैठाने का प्रयास किया, लेकिन शोर मचने पर मौके से फरार हो गए। उनकी योजना हथियारों के बल पर डराकर करीब पांच करोड़ रुपये की फिरौती वसूलने की थी।
पुलिस ने बताया कि बरामद अवैध हथियार ऑनलाइन माध्यम से खरीदे गए थे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

  • TAGS
  • [post_tags]