आईईडी के साथ इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, बैटरी, टाइमर और लोहे का बॉक्स भी बरामद किया
Amritsar Crime News (आज समाज), अमृतसर : अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए मोम से लिपटे एक पैकेट, जिसमें 690 ग्राम वजन वाला एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) के साथ-साथ एक इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, बैटरी, टाइमर और लोहे का बॉक्स था बरामद किया है।
डायरेक्टर जनरल आॅफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जब्त किए जाने के बाद इस विस्फोटक सामग्री को सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार संभाला गया और बम डिस्पोजल स्क्वाड द्वारा निष्क्रिय कर दिया गया। उन्होंने कहा कि अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने देश विरोधी तत्वों के मंसूबों को नाकाम कर दिया है और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए संभावित खतरे को टाल दिया है। डीजीपी ने कहा कि इस साजिश को रचने वाले लोगों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए आगे की जांच जारी है।
इस तरह मिली पुलिस को सफलता
इस आॅपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अमृतसर ग्रामीण कंवलप्रीत सिंह चहल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चेकिंग प्वाइंट्स पर पहले ही जांच तेज कर दी गई थी और सरकारी संस्थानों पर भी करीबी नजर रखी जा रही थी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में, 15-16 अगस्त, 2026 की रात को, जब एएसआई कुलबीर सिंह रात के समय गश्त कर रहे थे तो पुलिस चौकी गग्गोमाहल के अधिकार क्षेत्र में एक संदिग्ध काले रंग का, मोम से लिपटा पैकेट मिला।
उन्होंने बताया कि जांच करने पर, इसमें संदिग्ध आईईडी के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, एक बैटरी, एक टाइमर और एक लोहे का डिब्बा पाया गया। एसएसपी ने बताया कि मौके पर बम डिस्पोजल स्क्वाड को बुलाया गया और विस्फोटक सामग्री को मौके पर ही सुरक्षित ढंग से नष्ट कर दिया गया, जबकि बाकी बची वस्तुओं को पुलिस हिरासत में ले लिया गया।


