जरुरतमंद लड़कियों और महिलाओं के लिए सैनिटरी पैड वितरण के लिए 53 करोड़ की मंजूरी
Chandigarh Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि प्रदेश सरकार ने जरुरतमंद किशोरियों और महिलाओं को ध्यान में रखते हुए अहम फैसला लिया है। इस संबंधी जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि जरुरतमंद लड़कियों और महिलाओं की स्वास्थ्य आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए, कैबिनेट ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से सैनिटरी पैड वितरित करने के लिए 53 करोड़ रुपये की मंजूरी प्रदान की है।
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि यह योजना लाखों लड़कियों और महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और मासिक धर्म संबंधी जागरूकता बढ़ाने में मददगार साबित होगी। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और पूरी कैबिनेट का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि ये फैसले राज्य के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए बड़ी राहत साबित होंगे।
बाल विकास प्रोजेक्ट के 16 नए पद भरे जाएंगे
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि कैबिनेट ने बाल विकास प्रोजेक्ट अधिकारी के 16 नए पदों को भरने की मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि इससे राज्य में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही महिला और बाल कल्याण योजनाओं की निगरानी और क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण सुधार आएंगे और इन योजनाओं को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी तरीके से लागू किया जा सकेगा।
इस संदर्भ में डॉ. बलजीत कौर ने आगे बताया कि खाली पड़े 19 बाल विकास प्रोजेक्ट अधिकारियों (सीडीपीओ) के पदों को भरने की प्रक्रिया पहले से ही जारी थी। अब कैबिनेट द्वारा 16 नए पदों की मंजूरी मिलने के बाद कुल 35 सी.डी.पी.ओज. के पद पी.पी.एस.सी. के माध्यम से भरे जाएंगे, जिससे बाल विकास सेवाओं की कार्यकुशलता में बड़ा सुधार आएगा।
ट्रांसजेंडर समुदाय से संबंधित नीतियों में होगा बदलाव
ट्रांसजेंडर समुदाय के कल्याण हेतु, कैबिनेट ने ट्रांसजेंडर मामलों से संबंधित नियम बनाने और उनमें संशोधन करने का पूर्ण अधिकार सामाजिक सुरक्षा विभाग को सौंपने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि इससे ट्रांसजेंडर समुदाय से जुड़ी नीतियों को और संवेदनशील, प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से लागू किया जा सकेगा।
ये भी पढ़ें : Amritsar Crime News : छह पिस्तौल, 1 किलो हेरोइन सहित 5 तस्कर गिरफ्तार