Dinner Cancelled for NDA MPs, (आज समाज), नई दिल्ली: उपराष्ट्रपति चुनाव से पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा प्रधानमंत्री आवास पर 9 सितंबर को एनडीए सांसदों के लिए आयोजित रात्रिभोज को रद कर दिया गया है। देश की राजधानी दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और देश के अन्य कई इलाकों में बाढ़ से हुई तबाही के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। बाढ़ से पंजाब बुरी तरह प्रभावित है। इसके अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, असम भी बेहाल है। पीएम मोदी बाढ़ प्रभावित राज्यों का दौरा कर सकते हैं।
राष्ट्रपति ने मुर्मू बाढ़ से तबाही पर दुख जताया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी उत्तर भारत में भारी बारिश, बादल फटने और बाढ़ से हुई तबाही पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में मानसून का कहर में मौत और विनाश का तांडव मचा रहा है। द्रौपदी मुर्मू ने एक पोस्ट कर कहा, इस साल मानसून के दौरान प्राकृतिक आपदाओं के बारे में जानकर मुझे हर बार गहरा दुख हुआ है। पहाड़ों में बादल फटने और मैदानी इलाकों में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है, जिससे पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल, जेएंडके, और देश के कई अन्य हिस्सों में मौत और विनाश हुआ है।
मुर्मू ने प्रभावित लोगों के प्रति एकजुटता व्यक्त की
राष्ट्रपति ने प्रभावित लोगों के प्रति एकजुटता व्यक्त की और बचाव एवं राहत कार्यों में लगे अधिकारियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, देश आपदाओं से प्रभावित लोगों के दुख को साझा करता है और इस संकट में उनके साथ है। उन्होंने कहा, मैं बचाव और राहत कार्यों में शामिल लोगों के जज्बे की तारीफ करती हूं। हम सब मिलकर इस चुनौती से पार पाएंगे।
पीएम मोदी मंगलवार को जाएंगे पंजाब
पंजाब में सदी की सबसे भयंकर बाढ़ है और प्रदेश में अब तक बाढ़ व अन्य वर्षाजनित हादसों में मरने वाले लोगों की संख्या 46 पहुंच गई है। पंजाब के मुख्य सचिव केएपी सिन्हा के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को राज्य के हालात का जायजा लेने पंजाब के दौरे पर जाएंगे। एक-दो दिन में प्रधानमंत्री के आने की जानकारी जाएगी।
इन इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करने की संभावना
पिछले सप्ताह केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान पंजाब गए थे। सूत्रों ने बताया है कि पीएम सबसे पहले पंजाब गुरदासपुर जिले का दौरा कर सकते हैं। बता दें कि इस जिले में रावी नदी से छोड़े गए पानी ने बेहद ज्यादा कहर बरपाया है। इसके अलावा प्रधानमंत्री अमृतसर व तरनतारन जिलों के बाढ़ ग्रस्त इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर सकते हैं। पंजाब में राहत और बचाव कार्य में जुटे सैन्य बल, एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की दो टीमें जुटी हैं।
यह भी पढ़ें : PM Modi के मणिपुर दौरे से पहले गृह मंत्रालय की इसलिए अहम हैं दो घोषणाएं