यमुनानगर के कुछ बसों को भेजा जा सकता है एनसीआर
Yamunanagar News, (आज समाज), यमुनानगर: हरियाणा रोडवेज के यमुनानगर डिपो में एनसीआर जिलों से पुरानी बसों को भेजने की तैयारी विभाग द्वारा की जा रही है। जल्द ही फरीदाबाद की पुरानी यूरो-3 और 4 बसों को यमुनानगर डिपो के बेडे में शामिल किया जा सकता है। मुख्यालय स्तर पर बसों की रिपोर्ट तैयार की जा चुकी है। मैकेनिकल मुआयना के बाद कभी भी एनसीआर की पुरानी बसें यमुनानगर पहुंच सकती हैं।
वहीं यमुनानगर रोडवेज महाप्रबंधक संजय रावल ने कहा कि मुख्यालय स्तर पर यह व्यवस्था की जा रही है। अगर यमुनानगर से नई बसें ली जाती हैं, तो उनके बदले में पुरानी बसें प्रदान की जाती है, जिससे की हमारे पास बसों की संख्या कम न पड़े। फरीदाबाद से बसों के स्थानांतरण का मामला भी मुख्यालय स्तर पर ही तय हो रहा है। कितनी बसें फरीदाबाद से यहां भेजी जाएंगी अभी इसी लिस्ट जारी नहीं की गई है।
कुछ बीएस-6 बसों को भेजा जा सकता है एनसीआर
ऐसे में यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि यहां यमुनानगर डिपो से फिर बीएस-6 की कुछ बसों को एनसीआर भेजा जा सकता है। यमुनानगर रोडवेज डिपो के पास अब 70 बीएस-6 बसें हैं, जिनमें पिछले माह ही 10 नई एसी बसें शामिल हुई हैं।
डिपो में घट रही बसों की संख्या
यमुनानगर डिपो में बसों की संख्या लगातार घट रही है। यहां पर 220 बसों की आवश्यकता है। 2024 में डिपो में 190 बसें थीं, जो अगस्त 2025 तक आते-आते घटकर 150 रह गई हैं, जिनमें से 140 बसें ही रूट पर रही हैं।
ये भी पढ़ें : हरियाणा में महिलाएं आज दोपहर 12 बजे से रोडवेज की बसों में फ्री में कर सकेंगी सफर