Weather Report March 12 2023: देश के अधिकतर राज्यों में तापमान 35 डिग्री, कर्नाटक व गुजरात में गर्मी बढ़ने का अनुमान

0
232
Weather Report March 12 2023

आज समाज डिजिटल, नई दिल्ली, (Weather Report March 12 2023): नई दिल्ली। देश के ज्यादातर राज्यों में इन दिनों तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। अधिकतर राज्यों में तापमान 35 डिग्री के आसपास बना है।
मौसम विभाग के अनुसार आज कर्नाटक व गुजरात में तापमान 37 से 38 डिग्री तक जा सकता है। वहीं, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ व ओडिशा आदि राज्यों में भी पारा 30 से 35 डिग्री के आसपास बना रहेगा।

दिल्ली में आज और कल बादल रहने व हल्की बूंदाबांदी के आसार

मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार मार्च के मौसम में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। दिल्ली में आज और कल आसमान में बादल छाए नजर आएंगे। इस दौरान हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। तेज बारिश की संभावना नहीं है। न्यूनतम तापमान 15 डिग्री, वहीं अधिकतम तापमान 33 डिग्री के आसपास रह सकता है। वहीं, अगले सप्ताह मंगलवार और बुधवार को दिल्ली में तेज गरज के साथ हल्की मध्यम बारिश के आसार हैं। इस दौरान न्यूनतम तापमान 18 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।

ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कल से पश्चिमी हिमालय तक पहुंचने का अनुमान

स्काइमेट वेदर का कहना है कि उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश व आसपास के क्षेत्रों पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के 13 मार्च से पश्चिमी हिमालय तक पहुंचने के आसार है। क्षेत्र में आज से हल्की बारिश शुरू होगी और अगले कल से ये सिलसिला और अधिक बढ़ेगा। 13 से 15 मार्च के बीच पश्चिमी हिमालय के कुछ हिस्सों में हिमपात हो सकता है। अगले 2 दिन तक देश के उत्तर पश्चिमी और मध्य भागों में अधिकतम तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा और उसके बाद गिरावट आ सकती है।

हिमाचल में आंधी, ओलावृष्टि व भारी बारिश का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश मौसम विभाग ने राज्य में 15 मार्च तक आंधी, बिजली गिरने व ओलावृष्टि के साथ ही भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों के अनुसार आज से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा और इसके प्रभाव से प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात व निचले क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। 16 मार्च तक पश्चिमी विक्षोभ का असर रहेगा। इस कारण तापमान में गिरावट आएगी। धूप खिलने के साथ कल कई जगह बादल छाए रहे। हालांकि, अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं आया है।

ये भी पढ़ें : CISF Raising Day 2023: देश की प्रगति उद्योगों, एयरपोर्ट व बंदरगाहों की सुरक्षा पर निर्भर

SHARE