Weather 31 March 2023 Update: उत्तर भारत में अधिकतर जगह बारिश के कारण फसलों को ज्यादा नुकसान

0
182
Weather 31 March 2023 Update
उत्तर भारत में अधिकतर जगह बारिश के कारण फसलों को ज्यादा नुकसान

आज समाज डिजिटल, Weather 31 March 2023 Update: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में वेस्टर्न डिस्टरबेंस से चलते आज भी बारिश का दौर जारी रहा और एक-दो दिन मौसम के खराब रहने के आसार हैं। हरियाणा के अंबाला, कुरुक्षेत्र व पानीपत सहित कई जिलों में गुरुवार रात से बारिश शुरू हुई जो शुक्रवार दोपहर तक जारी रही। इससे गेहंू की फसलों को फिर खासा नुकसान हुआ है। हाल ही में भी बारिश हुई थी और इसके बाद कुछ दिन धूप खिलने से फसलों में कुछ जान आई थी लेकिन अब फिर बारिश ने किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया है।

हरियाणा में सामान्य से 126 प्रतिशत ज्यादा बरसे बदरा

मौसम विभाग ने हरियाणा के करनाल, कुरुक्षेत्र व आसपास के कुछ जिलों में आज के लिए भी ओलावृष्टि का आरेंज अलर्ट जबकि 19 जिलों को येलो अलर्ट जारी किया था। विभाग के अनुसार हरियाणा में 1 मार्च से अब तक 33.5 एमएम बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 126 प्रतिशत ज्यादा है। पंजाब में भी शुक्रवार को आरेंज व येलो अलर्ट जारी किया गया था।

पंजाब : पिछले दिनों पटियाला में सबसे अधिक 22 एमएम बारिश

पंजाब में बीते दिनों पटियाला में सबसे अधिक 22 एमएम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल से सटे राज्य के जिलों में बारिश के साथ-साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। पूर्वी भारत में 2 अप्रैल तक गरज, चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने का पूवार्नुमान व्यक्त किया गया है।

दिल्ली : मार्च का महीना 15 वर्षों में तीसरा सर्वाधिक बारिश वाला

दिल्ली में मार्च का महीना 15 वर्षों के दौरान तीसरा सर्वाधिक बारिश वाला रहा है। माह की औसत सामान्य वर्षा 17.1 मिमी है, जबकि गुरुवार रात साढ़े बजे तक यह 51.8 मिमी, यानी 300 प्रतिशत से भी ज्यादा पहुंच गई। अगर पिछले 15 वर्षों की बात की जाए तो 10 बार भी मार्च में वर्षा सामान्य नहीं रही है। इस वर्ष मार्च में भी तीन बार राजधानी सूखी ही रही, जबकि सात बार औसत से काफी कम वर्षा दर्ज की गई। बिगड़े मौसम के कारण दिल्ली आ रही 17 उड़ानों को नई दिल्ली के बजाय अलग-अलग जगहों पर डायवर्ट करना पड़ा।

किसानों के लिए चिंता का विषय : एक्सपर्ट्स

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार ऐसी बारिश दिसंबर, जनवरी व मध्य फरवरी में होती है। तब यह फसलों के लिए भी फायदेमंद होती है, लेकिन मार्च के महीने में वेस्टर्न डिस्टरबेंस से पैदा हुए हालात किसानों के लिए चिंता का विषय है।

पूर्वोत्तर : दो अप्रैल तक भारी बारिश की संभावना

पूर्वोत्तर भारत के असम और मेघालय में भी दो अप्रैल तक भारी बारिश होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में एक और दो अप्रैल को भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।

यह भी पढ़ें :  Covid Update March 30 2023: कोरोना के नए मामले 3000 पार, एक्टिव 13,509, 14 मौतें

 

SHARE