Jammu Breaking News : श्राइन बोर्ड ने बदले माता वैष्णो देवी यात्रा के नियम

0
380
Jammu Breaking News : श्राइन बोर्ड ने बदले माता वैष्णो देवी यात्रा के नियम
Jammu Breaking News : श्राइन बोर्ड ने बदले माता वैष्णो देवी यात्रा के नियम

माता के पवित्र दर्शनों के लिए जरूरी होगा आरएफआईडी कार्ड, 19 मार्च से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्र के चलते किया नियमों में बदलाव

Jammu Breaking News (आज समाज), जम्मू : श्री माता वैष्णो देवी मंदिर यात्रा के लिए जल्द ही नए नियम लागू होने जा रहे हैं। मंदिर श्राइन बोर्ड की सोमवार को हुई अहम बैठक में यह निर्णय लिया गया। आपको बता दें की चैत्र नवरात्र 19 मार्च से शुरू हो रहे हैं। जिसके चलते यह बदलाव किया गया है। ज्ञात रहे कि वैसे तो पूरा साल ही माता के भक्तों की भीड़ लगी रहती है लेकिन नवरात्र के पवित्र अवसर पर श्रद्धालुओं की संख्या में कई गुणा वृद्धि हो जाती है। श्राइन बोर्ड को उम्मीद है कि चैत्र नवरात्र के दौरान भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु माता के दरबार में माथा टेकने आएंगे।

मंदिर में दर्शन के लिए यह जरूरी

श्राइन बोर्ड के सीईओ सचिन कुमार वैश्य की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और आपदा प्रबंधन की समीक्षा की गई। सोमवार को बैठक में निर्णय लिया गया कि यात्रा मार्ग पर आरएफआईडी कार्ड प्रणाली का सख्ती से पालन किया जाएगा। केवल वैध कार्ड धारकों को ही भवन की ओर जाने की अनुमति मिलेगी। प्रमुख चौकियों पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती होगी ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। रियासी पुलिस, सीआरपीएफ और सेना के समन्वय से मजबूत सुरक्षा ग्रिड तैयार किया गया है, जिसमें त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) भी शामिल होगा।

सुरक्षा के लिए पांच जोन और कंट्रोल सेंटर से निगरानी

सुरक्षा की दृष्टि से कटड़ा से लेकर भवन तक इलाके को पांच जोन (कटड़ा, बाणगंगा, अर्धकुंवारी, ताराकोट-सांझीछत और भवन) में बांटा गया है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों और पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। इंटीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से पूरी यात्रा मार्ग पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। श्राइन बोर्ड के सभी भोजनालयों में श्रद्धालुओं के लिए विशेष फलाहार की व्यवस्था रहेगी।

आतंकवादी दे चुके हैं नुकसान पहुंचाने की धमकी

ज्ञात रहे कि पिछले दिनों कुछ पाकिस्तानी समर्थित आतंकवादी संगठनों ने श्री माता वैष्णो देवी मंदिर सहित प्रदेश के कई अन्य धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाने के लिए हमले करने की धमकी दी थी। आतंकवादी संगठनों की धमकी को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार और श्राइन बोर्ड ने सुरक्षा के प्रबंध पहले से अधिक सख्त किए हैं ताकि श्री माता वैष्णो देवी यात्रा सुरक्षित और निर्विघ्नता से चल सके।

  • TAGS
  • [post_tags]