Kanika Kapoor found corona positive, was involved in four big parties of Lucknow, Vasundhara Raje was also present: कोरोना पॉजिटिव पाई गईं कनिका कपूर, लखनऊ की चार बड़ी पार्टियों में हुई थीं शामिल, वसुंधरा राजे भी थीं मौजूद  

0
200
लखनऊ : भारत में कोरोना वायरस का कहर जारी है। शुक्रवार 20 मार्च को कोरोना से संक्रमित एक बड़ा मामला सामने आया है। यूपी की राजधानी लखनऊ में कोरोना से संक्रमित चार नए मामले मिले हैं। संक्रमित व्यक्तियों में सबसे बड़ा नाम बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर का भी है। कनिका लंदन से लौटकर लखनऊ में एक पार्टी में शामिल हुईं थी। कनिका जिस पार्टी में शामिल हुईं, उसमें वसुंधरा राजे और उनके बेटे दुष्यंत भी मौजूद थे।

भाजपा सांसद दुष्यंत ने खबर सामने आने के बाद खुद को क्वारैंटाइन किया। बता दें दुष्यंत और कनिका जिस पार्टी में मौजूद थे, वह कांग्रेस के पूर्व सांसद जितिन प्रसाद के परिवार ने रखी थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार कनिका का परिवार लखनऊ के जिस इलाके में रहता है, उसके सहित 5 इलाके 23 मार्च तक लॉकडाउन किए गए हैं।

किसी भारतीय सेलिब्रिटी के कोरोनावायरस से संक्रमित होने का यह पहला मामला है। कोरोना वायरस से संक्रमित कनिका को लखनऊ के केजीएमयू के आइसोलेशन वॉर्ड में भर्ती किया गया है। वे 15 मार्च को लंदन से लौटी थीं। यहां एक अपार्टमेंट में रुकीं और ताज होटल में एक पार्टी में शामिल हुईं। इस पार्टी में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और उनके बेटे भाजपा सांसद दुष्यंत सिंह भी मौजूद थे। अब स्वास्थ्य विभाग पार्टी में शामिल बाकी लोगों का पता लगा रहा है। सभी की जांच की जाएगी। अगर उनमें कोरोना के लक्षण नजर आए तो उन्हें अलग रखा जाएगा।

ख़बरों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक जब विदेश से लौटे लोगों की जांच की क्रॉस चेकिंग की गई तो कनिका की थर्मल टेस्टिंग न होने का पता चला। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कनिका के अपार्टमेंट पहुंचकर उनका सैम्पल लिया। शुक्रवार 20 मार्च को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

गायिका कनिका कपूर लखनऊ के ताज होटल में भी ठहरी थीं। 14 मार्च को उन्होंने चेकइन किया, 16 मार्च को चेकआउट किया। इसी होटल में बाद में हुई एक पार्टी में भी कनिका शामिल हुईं। सूत्रों के मुताबिक, यह पार्टी कांग्रेस के पूर्व सांसद जितिन प्रसाद के ससुर आदेश सेठ ने दी थी। इसमें जितिन प्रसाद, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उनके बेटे भाजपा सांसद दुष्यंत सिंह, उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह और उनकी पत्नी, लोकायुक्त संजय मिश्रा जैसे कई हाईप्रोफाइल लोग इस पार्टी में मौजूद थे।

ताज होटल के बाद कनिका शालीमार ग्रैंड अपार्टमेंट में हुई एक पार्टी में भी शामिल हुईं। इस दौरान उनके संपर्क में कई लोग और भी आए थे। इसके बाद कनिका लखनऊ के गैलेंट अपार्टमेंट में रहीं और यहां पार्टी दी। इसमें करीब 125 लोग शामिल हुए।

13 और 14 मार्च को कनिका कानपुर में अपने मामा विपुल टंडन के घर भी रुकी थीं। वे कल्पना अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर-2 में रहते हैं। कनिका के पिता राजीव कपूर से जब पूछा गया तो उन्होंने कहा- कनिका 11 मार्च को लखनऊ आई थीं। 12 से 14 मार्च के बीच वे तीन से चार अलग-अलग पार्टियों में शामिल हुईं। पिछले 2-3 दिनों से उन्हें बुखार था। तब हमने डॉक्टर से बात की और टेस्ट करवाया। तब पता चला कि कनिका पॉजिटिव हैं। अब पूरे परिवार का टेस्ट होगा। कनिका के एयरपोर्ट से छुपकर निकलने के बयान पर बोले कि यह झूठी खबर है। एयरपोर्ट पर जब स्क्रीनिंग हुई, तब कनिका ठीक थीं।

कनिका से जब इस बारे में पूछा तो उन्होंने कहा – मैं लंदन में रहती हूं और भारत में काम करती हूं। मेरे तीन बच्चे हैं, जो लंदन में पढ़ते हैं। मैं उनसे हर महीने 10 दिन के लिए मिलने जाती हूं। लंदन में मैं फरवरी के आखिर से 9 मार्च तक थी। मैं काम के सिलसिले में भारत लौटी। यहां सब कुछ बंद था, इसीलिए मैं अपने पैरेंट्स के पास लखनऊ आ गई थी।

हालाँकि, कनिका का कहना कि वह यहाँ किसी भी पार्टी में शामिल नहीं हुई हैं। जितनी भी ख़बरें आ रही हैं वह सब झूठ है। कनिका का कहना है कि मुझे भी पता है ऐसे समय में कोई भी पार्टी में  नहीं होना चाहेगा। कनिका ने कहा कि वह बेवक़ूफ़ नहीं हैं जो पार्टी में लोगों को बुलाएंगी।

-अजय त्रिवेदी
SHARE