EV Yatra Portal : इलेक्ट्रिक वाहन यूजर्स को पोर्टल दिखाएगा नजदीकी ईवी चार्जर की राह

0
437
EV Yatra Portal
इलेक्ट्रिक वाहन यूजर्स को पोर्टल दिखाएगा नजदीकी ईवी चार्जर की राह
  • राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस पर दिल्ली में हुई शुरुआत

आज समाज डिजिटल, (EV Yatra Portal) :राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ईवी-यात्रा पोर्टल की शुरुआत हो गई है जो इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के यूजर्स को अपना वाहन चार्ज करने के लिए नजदीकी ईवी चार्जर तक पहुंचाने में मदद करेगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) ने बुधवार को राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस पर आयोजित समारोह में ब्यूरो आफ एनर्जी एफिशिएंसी (बीईई) द्वारा विकसित ईवी-यात्रा पोर्टल की लॉन्चिंग की। राष्ट्रपति सचिवालय ने बताया किमुर्मू ने बुधवार को नई दिल्ली में राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार, राष्ट्रीय ऊर्जा दक्षता नवाचार पुरस्कार और राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता पुरस्कार भी प्रदान किए।

भारत पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा

राष्ट्रपति ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, यह सुनिश्चित करना हम सभी के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है कि आने वाली पीढ़ियां प्रदूषण मुक्त वातावरण में सांस लें, अच्छी तरह से प्रगति करें और स्वस्थ जीवन जीएं। स्वच्छ हवा में सांस लेना एक बुनियादी मानव अधिकार है। पर्यावरण की रक्षा करके हम कई मानवाधिकारों की रक्षा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग की चुनौतियों का सामना करते हुए ऊर्जा संरक्षण एक वैश्विक और राष्ट्रीय प्राथमिकता है। द्रौपदी मुर्मू ने कहा, हालांकि भारत का प्रति व्यक्ति कार्बन उत्सर्जन और ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन विश्व औसत के एक तिहाई से भी कम है, लेकिन एक जिम्मेदार देश के रूप में भारत पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

हमारी जीवनशैली हमेशा लाइफ के संदेश के अनुरूप

राष्ट्रपति ने कहा कि सीओपी-26 में भारत ने ‘लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट’ यानी लाइफस्टाइल का संदेश दिया था, जिसमें विश्व समुदाय से इको-फ्रेंडली लाइफस्टाइल अपनाने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा, भारतीय संस्कृति और परंपरा में, हमारी जीवनशैली हमेशा लाइफ के संदेश के अनुरूप रही है। प्रकृति का सम्मान करना, प्राकृतिक संसाधनों को बर्बाद न करना और प्राकृतिक संपदा को बढ़ाने के उपाय करना ऐसी जीवन शैली का अभिन्न अंग है।

जैव विविधता सहित प्रकृति के संरक्षण की जरूरत पर जोर

भारत आगे बढ़ने के लिए प्रयास कर रहा है। पूरा विश्व समुदाय इस तरह की जीवन शैली को अपनाने की दिशा में है। राष्ट्रपति मुर्मू ने जैव विविधता सहित प्रकृति के संरक्षण की जरूरत पर जोर देने के लिए हिंदी की महान कवयित्री महादेवी वर्मा की एक मार्मिक कविता का भी उल्लेख किया। राष्ट्रपति ने जी-20 में भारत की अध्यक्षता का जिक्र करते हुए कहा, भारत ने अपनी अध्यक्षता के दौरान ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ के आदर्श के अनुरूप ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ की थीम को अपनाया है और हम इसका विश्व पटल पर प्रचार-प्रसार भी कर रहे हैं।

ऐप पर उपलब्ध होगी अधिकतर जानकारी

ईवी-यात्रा एप (EV-Travel App) के जरिए यूजर्स चार्ज पॉइंट आपरेटरों (सीपीओ) पर पंजीकरण और राष्ट्रीय आॅनलाइन डेटाबेस पर डिटेल्स लॉग कर सकते हैं। यह अनिवार्य रूप से इलेक्ट्रिक वाहन यूजर्स को अपने आसपास के क्षेत्र में सार्वजनिक ईवी चार्जिंग स्टेशन आसानी से खोजने में मदद करेगा। यह एप ईवी चार्जिंग स्टेशन पर लगे चार्जर के टाइप, चार्जिंग स्लॉट की उपलब्धता, ईवी को चार्ज करने के लिए टैरिफ, सर्विस जैसे कई डिटेल्स की जानकारी देने में सक्षम होगा। यूजर्स ईवी-यात्रा एप का इस्तेमाल करके चार्जिंग स्लॉट को प्री-बुक भी कर सकते हैं। यह गूगल प्लेस्टोर और एपल स्टोर पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध है और ज्यादातर स्मार्टफोन को सपोर्ट करता है। ईवी यात्रा एप इस समय अंग्रेजी और हिंदी भाषाओं में उपलब्ध है।

ये भी पढ़ें : Ruckus On India China Clash : तवांग पर संसद में फिर हंगामा, कांग्रेस सहित 17 दलों ने किया वॉकआउट

ये भी पढ़ें : Spurious Liquor Havoc In Bihar : बिहार में जहरीली शराब पीने से 14 लोगों की मौत, कई गंभीर

Connect With Us: Twitter Facebook 

SHARE