उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने बढ़ाई ठंड
Haryana Weather Update, (आज समाज), चंडीगढ़: हरियाणा में ठंड ने पांव पसारने शुरू कर दिए है। दिन-प्रतिदिन ठंड में इजाफा होता जा रहा है। आने वाले दिनों में ठंड ओर बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण प्रदेश में ठंड बढ़ रही है। रातें ठंडी होती जा रही है। हालांकि दिन में धूप खिलने के कारण थोड़ी राहत जरूर मिल रही है। 7 दिसंबर को हरियाणा के औसत अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, हालांकि अधिकतम तापमान अभी भी सामान्य के करीब बना हुआ है।

प्रदेश का सबसे गर्म जिला नूंह रहा, जहां अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नूंह में तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज हुई। न्यूनतम तापमान की बात करें तो प्रदेश का सबसे ठंडा जिला नारनौल रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी सर्दी में इजाफा होगा और पारा शून्य के करीब पहुंच सकता है।

न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री तक आएगी गिरावट

मौसम विभाग के अनुसार, 11 दिसंबर तक ठंड में लगातार वृद्धि होगी। अनुमान है कि न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे यह 6 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं औसतन 24 डिग्री बना हुआ अधिकतम तापमान भी करीब 1 डिग्री तक कम हो सकता है।

आज से रात के तापमान में गिरावट की संभावना

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने कहा कि हरियाणा में मौसम परिवर्तनशील संभावित है। वहीं 8 दिसंबर से उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से विशेषकर रात्रि तापमान में फिर से गिरावट संभावित। जिससे ठंड भी बढ़ सकती है।

ये भी पढ़ें: हरियाणा में सरकारी डॉक्टर आज से हड़ताल पर