प्रदेश सरकार द्वारा लगाए गए राहत कैंपों में अब केवल 229 लोग ही रह रहे

Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब में बारिशों का दौर लगभग रुक चुका है। मानसून विदाई ले चुका है और बाढ़ का पानी भी अब प्रभावित एरिया से निकल चुका है। इसके बाद लोग अपने घरों की तरफ जा रहे हैं और बाढ़ से हुए नुकसान के बीच अपनी जिदंगी दोबारा शुरू करने की जदोजहद में जुट गए हैं। यह कहना है प्रदेश के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां का जिन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब सरकार द्वारा लगाए गए कैंपों में अब केवल 229 लोग ही बचे हैं।

अब केवल 16 राहत कैंप ही कार्यशील

पंजाब के राजस्व, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने आज बताया कि प्रभावित परिवारों के लगातार घर लौटने से राहत कैंपों में रह रहे लोगों की संख्या घटकर केवल 229 रह गई है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राहत कैंपों की संख्या भी 35 से घटकर केवल 16 हो गई है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि शनिवार को 665 और प्रभावित लोग अपने घर लौट गए, जबकि कल तक कैंपों में 894 लोग ठहरे हुए थे। उन्होंने कहा कि प्रभावित गांवों की संख्या 2,539 से बढ़कर 2,555 हो गई है, जिनमें मुख्य रूप से होशियारपुर और लुधियाना के गांव शामिल हैं।

बाढ़ ने बड़े स्तर पर लोगों को प्रभावित किया

अधिक विवरण साझा करते हुए मुंडियां ने कहा कि होशियारपुर में 11 और गांव प्रभावित हुए हैं, जिससे कुल संख्या 350 हो गई है, जबकि जिला लुधियाना में 5 और गांव प्रभावित होने से जिले के प्रभावित गांवों की संख्या 131 हो गई है। इसी प्रकार, होशियारपुर में 58 और लोगों के प्रभावित होने से कुल आबादी 3,89,387 से बढ़कर 3,89,445 हो गई है। राजस्व मंत्री ने बताया कि प्रभावित लोगों की संख्या घटने के कारण बड़ी संख्या में राहत कैंप बंद कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिला मोगा, पठानकोट और जालंधर ने अपने सभी कैंप बंद कर दिए हैं, जबकि फाजिल्का में ठहरे लोगों की संख्या 620 से घटकर 219 रह गई है। जालंधर के कैंपों में कल 103 लोग रह रहे थे और आज सभी अपने-अपने घरों को वापस चले गए हैं।

प्रदेश में करीब दो लाख हेक्टेयर फसल हुई प्रभावित

कैबिनेट मंत्री ने यह भी बताया कि मानसा और होशियारपुर में क्रमश: 121 हेक्टेयर और 39 हेक्टेयर फसल प्रभावित होने से कुल प्रभावित फसली रकबा 1,99,766 हेक्टेयर से बढ़कर 1,99,926 हेक्टेयर हो गया है। उन्होंने आगे कहा कि ज्यादातर जिलों में स्थिति सामान्य है और अन्य जिलों में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिला है।

ये भी पढ़ें : Amritsar Crime News : अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी गिरोह पकड़ा