Civil Aviation Ministry On IndiGo Crisis, (आज समाज), नई दिल्ली: इंडिगो एयरलाइन के परिचालन संकट के बीच कुछ एयरलाइंस द्वारा यात्रियों से अधिक हवाई किराया वसूले जाने को लेकर केंद्र सरकार ने उन्हें कड़ी चेतावनी दी है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने साथ ही इंडिगो की उड़ानें रद होने से यात्रियों को हो रही परेशानी का रविवार तक पूरी तरह हल होने का आश्वासन दिया है। बता दें कि इंडिगो का परिचालन संकट शनिवार को भी जारी रहा है। आज
किराए की अधिकतम सीमा का सख्ती से पालन किया जाए
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा कि कुछ एयरलाइंस द्वारा यात्रियों से ज्यादा किराए वसूले जाने के मामले को गंभीरता से लिया गया है। मंत्रालय की ओर से आज एयरलाइंस को निर्देश दिए गए कि यात्रियों से तय सीमा से अधिक किराया न वसूला जाए। ऐसा करने पर एयरलाइंस के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंत्रालय द्वारा जारी एक आधिकारिक निर्देश में कहा गया है कि अब तय की गई किराए की अधिकतम सीमा का सख्ती से पालन किया जाए। ये सीमाएं तब तक लागू रहेंगी जब तक स्थिति पूरी तरह से सामान्य नहीं हो जाती।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के निर्देश का मकसद
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के निर्देश का मकसद बाजार में प्राइसिंग अनुशासन बनाए रखना, मुश्किल में फंसे यात्रियों का किसी भी तरह से शोषण होने से रोकना और यह सुनिश्चित करना है कि जिन नागरिकों को तुरंत यात्रा करने की जरूरत है, जिनमें सीनियर सिटीजन, छात्र और मरीज शामिल हैं, उन्हें इस दौरान वित्तीय कठिनाई का सामना न करना पड़े।
अपनी नियामक शक्तियों का प्रयोग किया
यात्रियों को बेहताशा किराए से बचाने के मकसद से मंत्रालय ने सभी प्रभावित मार्गों पर उचित और वाजिब किराया सुनिश्चित करने के लिए मंत्रालय ने अपनी नियामक शक्तियों का प्रयोग किया है। उसके निर्देश में यह भी कहा गया है कि मंत्रालय रियल-टाइम डेटा और एयरलाइंस व आनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म के साथ एक्टिव कोआर्डिनेशन के जरिए किराए के लेवल पर कड़ी नजर रखेगा। तय नियमों से किसी भी तरह का डेविएशन होने पर बड़े जनहित में तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
खासकर इंडिगो को निर्देश
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इस बीच, एयरलाइंस, खासकर इंडिगो को, फ्लाइट शेड्यूल में गंभीर रुकावट को तुरंत ठीक करने और बिना किसी देरी के सेवाओं को स्थिर करने के लिए उपाय लागू करने का भी निर्देश दिया हैै। उसके आदेश में कहा गया है, उम्मीद है, इंडिगो के सभी फ्लाइट शेड्यूल शनिवार आधी रात तक स्थिर हो जाएंगे और सामान्य होने लगेंगे और अगले कुछ दिन में पूरी सेवाएं तथा स्थिरता वापस आ जाएगी।
रद होने की स्थिति में रिफंड सुनिश्चित करेगा इंडिगो
मंत्रालय की रिलीज में कहा गया है कि यात्री इंडिगो और अन्य द्वारा लगाए गए सूचना प्रणाली के माध्यम से घर बैठे ही यदि कोई देरी, हो तो ट्रैक कर सकते हैं। इसके अलावा उड़ान रद होने की स्थिति में इंडिगो टिकटों का आटोमैटिक पूरा रिफंड सुनिश्चित करेगा। अगर यात्री फंसे हुए हैं, तो उन्हें उन होटलों में ठहराया जाएगा जहां एयरलाइंस ने रहने की व्यवस्था की है। यह सुनिश्चित करने के लिए विशेष उपाय किए गए हैं कि वरिष्ठ नागरिकों को किसी भी तरह से असुविधा न हो। उन्हें लाउंज एक्सेस दिया जाएगा।
रिफ्रेशमेंट और अन्य जरूरी चीजें दी जाएंगी
देरी से चलने वाली फ्लाइट के यात्रियों को रिफ्रेशमेंट और अन्य जरूरी चीजें दी जाएंगी। नागरिक उड्डयन मंत्रालय में एक 24७7 कंट्रोल रूम लगातार समय-समय पर स्थिति की निगरानी कर रहा है। उड्डयन मंत्रालय ने कहा कि केंद्र सरकार हवाई यात्रियों की परेशानियों के प्रति पूरी तरह से अलर्ट है और सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ लगातार बातचीत कर रही है। शेड्यूल को बहाल करने, जनता की परेशानियों को कम कर स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय द्वारा घोषित नियमों में छूट सहित हर संभव उपाय किए जाएंगे।