Maratha Reservation Stir Live Update, (आज समाज), मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के आजाद मैदान में अनशन पर बैठे मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे-पाटिल (Manoj Jarange Patil) को मुंबई पुलिस ने आजाद मैदान खाली करने का नोटिस दिया है। बता दें मराठा आरक्षण की मांग को लेकर उन्होंने 29 अगस्त को भूख हड़ताल शुरू की थी और आज उनके विरोध-प्रदर्शन का पांचवां दिन है। हजारों की संख्या में जरांगे के समर्थक मुंबई पहुंचे हैं जिसके कारण यातायात को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने शर्तों की अवहेलना की : हाई कोर्ट
बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश पर मुंबई पुलिस ने जरांगे व उनके समर्थकों को आजाद मैदान खाली करने का नोटिस दिया है। उच्च न्यायालय ने गणेश उत्सव की छुट्टियों के दौरान आयोजित तीन घंटे की दुर्लभ तत्काल सुनवाई के दौरान मराठा कोटा प्रदर्शनकारियों की खिंचाई की और महाराष्ट्र की फडणवीस सरकार से कहा कि प्रदर्शनकारियों ने शर्तों की अवहेलना की है, इसलिए उनसे जल्द आज़ाद मैदान खली करवाया जाए। कोर्ट ने आज दोपहर तक मुंबई की सड़कों से सभी प्रदर्शनकारियों को हटाने का निर्देश दिया है।
प्रदर्शनकारियों ने मुंबई को व्यावहारिक रूप से ठप कर दिया है
न्यायमूर्ति रवींद्र वी. घुगे और गौतम ए. अंखड की विशेष पीठ ने कहा कि मुंबई को व्यावहारिक रूप से ठप कर दिया गया है क्योंकि प्रदर्शनकारी निर्धारित विरोध स्थल आजाद मैदान से बाहर निकल आए और सीएसएमटी, चर्चगेट स्टेशन, मरीन ड्राइव प्रोमेनेड, फ्लोरा फाउंटेन सहित दक्षिण मुंबई के कई हिस्सों पर उन्होंने कब्जा कर लिया है। पीठ ने कहा, यहां तक कि सोमवार को बॉम्बे उच्च न्यायालय की इमारत को भी प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया।
जरांगे ने छोड़ दिया है पानी-पीना
जरांगे ने बीते कल पानी-पीना छोड़ दिया था। उन्होंने पहले ही कहा था कि अगर महाराष्ट्र की फडणवीस सरकार उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं करती है तो वे जल त्याग देंगे।
ये भी पढ़ें: Maratha Reservation Protest: मनोज जरांगे का अनशन जारी, ठुकरा दी है बातचीत की पेशकश