डीजल टैंक तक आग पहुंचने से हुआ धमाका
Yamunanagar News, (आज समाज), यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर में आज सुबह एक महिंद्रा 300 एक्सयूवी गाड़ी में अचानक से आग लग गई। आग लगने के बाद गाड़ी में एक धमाका हुआ। गाड़ी में सवार लोग समय रहते नीचे उतर गए, जिस कारण उनकी जान बच गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। प्राप्त जानकारी अनुसार आज सुबह करीब 9:30 बजे यूपी के गांव पठलोकर का तयैब अपनी भाभी नसीमा के साथ हरियाणा के गांव मालीमाजरा में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
बाइक सवार ने रुकवाई गाड़ी
जब यमुना नदी पर बने हथिनीकुंड बैराज पर पहुंचे तो सामने से आ रहे बाइक सवार ने गाड़ी रुकवाई। गाड़ी के बोनट से धुआं निकल रहा था। तयैब व उनकी भाभी गाड़ी से उतरे। बाइक सवार युवक ने बोनट व बंपर खोला। तभी अचानक आग का गुब्बार निकला। आसपास के लोग दूर हट गए। तभी अचानक जोर का धमाका हुआ। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते गाड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई।
ढाई घंटे लेट पहुंची दमकल विभाग की गाड़ी
जैसे ही कार में आग लगी, यूपी व हरियाणा की दमकल गाड़ियों को सूचना दी गई। यूपी के मिजार्पुर से पहले दमकल की गाड़ी पहुंची। जबकि हरियाणा से दमकल विभाग की गाड़ी करीब ढाई घंटे लेट यानी करीब 12 बजे पहुंची।
प्रतापनगर के अनीश के नाम है गाड़ी
जिस महिंद्रा एक्सयूवी 300 (एचआर71 एल-6002) गाड़ी में आग लगी, वह यमुनानगर के प्रतापनगर निवासी अनीश के नाम है। जबकि गाड़ी का इस्तेमाल उत्तर प्रदेश निवासी उसके मामा का बेटा तयैब करता है। गाड़ी हरियाणा के ही व्यासपुर में पंजीकृत है।
हरियाणा और यूपी पुलिस मौके पर पहुंची
हथिनीकुंड बैराज पर बना पुल हरियाणा और यूपी को जोड़ता है। इस वजह से बैराज पर धमाके की आवाज से दो राज्यों की पुलिस अलर्ट हो गई। यूपी पुलिस पहले मौके पर पहुंची। हरियाणा पुलिस बाद में आई। हथिनीकुंड बैराज पर पहले पुलिस नाका था, जो काफी समय से बंद है।
ये भी पढ़ें: 24 नवंबर को सीजेआई पद की शपथ लेंगे हिसार के रहने वाले जस्टिस सूर्यकांत