• 26 सितम्बर तक विभिन्न गतिविधियों का होगा आयोजन

Mahendragarh News (आज समाज) महेंद्रगढ़। (हकेवि), महेंद्रगढ़ में सोमवार को विश्व पर्यटन सप्ताह 2025 का शुभारंभ हुआ। विश्वविद्यालय के पर्यटन एवं होटल प्रबंधन विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के अंतर्गत 26 सितम्बर तक पर्यटन के महत्त्व एवं सतत् पर्यटन पद्धतियों पर केंद्रित विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। पर्यटन सप्ताह का उद्घाटन करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने पर्यटन शिक्षा में व्यावहारिक ज्ञान के महत्त्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविकताओं को समझने में मदद मिलती है और इससे इवेंट मैनेजमेंट का महत्व स्पष्ट होता है।

साइकिल रैली का आयोजन

आयोजन के पहले दिन विश्वविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्यावरण-अनुकूल यात्रा एवं सतत् गतिशीलता को बढ़ावा देने हेतु साइकिल रैली का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जिम्मेदार पर्यटन का संदेश दिया।

विश्वविद्यालय में पर्यटन एवं होटल प्रबंधन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. रणबीर सिंह ने भारत की अर्थव्यवस्था में पर्यटन क्षेत्र के योगदान पर प्रकाश डालते हुए इसे आर्थिक विकास और रोजगार-सृजन का महत्वपूर्ण साधन बताया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. विकास सिवाच ने सप्ताह भर चलने वाले आयोजन की दिनवार रूपरेखा साझा की तथा सतत् पर्यटन के महत्व पर जोर दिया। जिससे सांस्कृतिक, प्राकृतिक एवं आर्थिक संसाधनों का संरक्षण भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुनिश्चित हो सके।

युवाओं को देशी खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से पारंपरिक खेलों का आयोजन किया जाएगा

डॉ. सिवाच ने बताया कि आयोजन के दूसरे दिन सांस्कृतिक धरोहर को पुनर्जीवित करने एवं युवाओं को देशी खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से पारंपरिक खेलों का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में तीसरे दिन ट्रेजर हंट प्रतियोगिता का आयोजन होगा। आयोजन के चौथे दिन पौराणिक एवं ऐतिहासिक महत्त्व के ढोसी तीर्थ स्थल का भ्रमण किया जाएगा।

इसी दिन ‘पर्यटन एवं सतत् रूपांतरण‘ विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। उद्घाटन सत्र का संचालन डॉ. शिखा ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अनिल द्वारा प्रस्तुत किया गया। आयोजन सचिव डॉ. जितेन्द्र, डॉ. लोकेश एवं डॉ. अमित भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

यह भी पढ़े : Mahendragarh News : सेवा पर्व के छठे दिन संस्थान में कार्यशाला व मैदान की साफ-सफाई