Violent Protest In Leh, (आज समाज) लेह: केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग के अलावा अन्य कुछ मांगों को लेकर युवाओं व छात्रों का प्रदर्शन आज हिंसक हो गया। दरअसल, स्टूडेंट्स और युवाओं ने राजधानी लेह में अपनी मांग को लेकर आज बंद बुलाया गया था और इस बीच प्रदर्शन में शामिल कुछ युवक हिंसक हो गए जिसके कारण बिगड़ती स्थिति को देखते हुए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए।
केंद्र के साथ 6 अक्टूबर को प्रस्तावित है अगली वार्ता
मसले पर प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधियों व केंद्र सरकार के बीच 6 अक्टूबर को अगली वार्ता प्रस्तावित है। लेकिन प्रदर्शनकारी इससे पहले वार्ता चाहते हैं। करगिल डेमोक्रेटिक अलायंस के प्रतिनिधियों के अलावा, लेह एपेक्स बॉडी व केंद्र के बीच अगले महीने छत तारीख को वार्ता तय हुई है। प्रदर्शनकारी मांग कर रहे हैं कि वार्ता जल्द करवाई जाए और इसमें ठोस निर्णय लिए जाएं।
भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय को आग लगाई
बताया जा रहा है प्रदर्शन आज उस समय हिंसक हुआ जब प्रदर्शनकारियों ने लेह में भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय पर हमला कर उसमें आग लगा दी। उन्होंने पथराव भी किया। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए बल प्रयोग किया। इस पर प्रदर्शनकारी छात्र व युवा और गुस्सा हो गए और उन्होंने पुलिस की वैन को भी आग लगा दी।
भाजपा दफ्तर के बाहर सुरक्षा वाहन को आग लगाई
एक अधिकारी के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने लेह स्थित भाजपा दफ्तर के बाहर एक सुरक्षा वाहन को आग लगा दी। उन्होंने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने के अलावा प्रदर्शनकारी छात्र व युवा लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा उनकी मांग है कि लद्दाख में लोकसभा सीटें बढ़ाकर दो की जाएं। एक अन्य मांग है।
सोनम वांगचुक कर रहे भूख हड़ताल का नेतृत्व
बता दें कि जाने-माने पर्यावरणविद (Environmentalist) सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) भूख हड़ताल का नेतृत्व कर रहे हैं। वह लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार वांगचुक के साथ कुछ और लोग भी 35 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे थे। इनमें से दो लोगों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इसी से नाराज लेह एपेक्स बॉडी की युवा शाखा ने अनशन पर बैठे लोगों के समर्थन में आज बड़ी संख्या में युवकों व छात्रों ने सड़कों पर उतर आए थे।
यह भी पढ़े: Farmers Protest : 14 गांवों के पैक्स पर मात्र 1400 बैग पहुंचे, उग्र किसानों ने जमकर नारेबाजी की