Congress President Sonia Gandhi leaves abroad for treatment with Rahul Gandhi: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी राहुल गांधी के साथ इलाज के लिए विदेश रवाना

0
423

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी आज 15 दिनों के लिए विदेश रवाना हुए। कांग्रेस पार्टी में व्यापक फेरबदल को मंजूरी देने के बाद अध्यक्ष सोनिया गांधी मेडिकल टेस्ट के लिए शनिवार को विदेश रवाना हुईं। यह जानकारी पार्टी महासचिव एवं मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्विटर के माध्यम से दी। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि ‘कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी चिकित्सा जांच के लिए आज विदेश गई हैं। यह चिकित्सा जांच महामारी के कारण टल गई थी। उनके साथ राहुल गांधी भी गए हैं।’ बता दें कि इसके पहले नियमित हेल्थ चेकअप के लिए सोनिया गांधी को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हुई थी। सर गंगा राम अस्पताल प्रबंधन बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. डी.एस. राणा ने हेल्थ बुलेटिन जारी किया था। जिसमें जानकारी दी गई थी कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जिन्हें 30 जुलाई की शाम 7 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, 2 सितंबर को दोपहर 1 बजे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डिस्चार्ज किए जाते समय उनकी हालत स्थिर थी। उन्हें नियमित टेस्ट और जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बता दें कि कांग्रेस पार्टी में बड़ा बदलाव किया गया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद समेत चार अन्य वरिष्ठ नेताओं को महासचिव की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया। साथ ही कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) का भी पुनर्गठन किया गया। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, आजाद, मोतीलाल वोरा, अंबिका सोनी और मल्लिकार्जुन खड़गे को महासचिव पद से मुक्त किया गया है। सोनिया गांधी ने पत्र लिखने वाले गुलाम नवी आजाद को सीडब्लूसी में स्थान दिया है। पार्टी ने पत्र विवाद की पृष्भूमि में 24 अगस्त को हुई सीडब्ल्यूसी की बैठक में बनी सहमति के मुताबिक छह सदस्यीय एक विशेष समिति का गठन किया है। यह समिति पार्टी के संगठन एवं कामकाज से जुड़े मामलों में सोनिया गांधी का सहयोग करेगी। इस विशेष समिति में एके एंटनी, अहमद पटेल, अंबिका सोनी, केसी वेणुगोपाल, मुकुल वासनिक और रणदीप सिंह सुरजेवाला शामिल हैं।

SHARE