कांग्रेस प्रवक्ता राजीव त्यागी का दिल का दौरा पड़ने से निधन

0
310

नई दिल्ली।

कांग्रेस प्रवक्ता राजीव त्यागी का दिल का दौरा से निधन हो गया है। शाम तक टीवी डिबेट में शामिल रहे राजीव त्यागी के अचानक निधन से सभी हैरत में हैं। पार्टी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

कांग्रेस पार्टी की ओर से ट्विटर पर जारी शोक संदेश में कहा गया है, ”हम राजीव त्यागी के अचानक निधन से बेहद दुखी हैं। वे निष्ठावान कांग्रेसी और सच्चे देशभक्त थे। इस दुख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थना उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं।”

आज शाम भी टीवी डिबेट में उनके साथ रहे बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने शोक जताते हुए कहा, ”विश्वास नहीं हो रहा है कंग्रेस के प्रवक्ता मेरे मित्र राजीव त्यागी हमारे साथ नहीं हैं। आज 5 बजे हम दोनों ने साथ में टीवी चैनल पर डिबेट भी किया था। जीवन बहुत ही अनिश्चित है …अभी भी शब्द नहीं मिल रहे। हे गोविंद राजीव जी को अपने श्री चरणों में स्थान देना।’

राजीव त्यागी विनम्र स्वभाव के एक कुशल वक्ता थे और टीवी की बहसों में पार्टी का पक्ष जोरदार ढंग से रखते थे। राजीव त्यागी की तबीयत शाम तक पूरी तरह ठीक थी। वे शाम पांच बजे एक टीवी न्यूज चैनल पर डिबेट में शामिल भी हुए थे। बताया जा रहा है कि बाद में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें तुरंत कौशाम्बी के यशोदा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

SHARE