- गुरु ग्रंथ साहिब के दर्शन के लिए जगह-जगह उमड़ा जनसमूह
Jind News(आज समाज) जींद। श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष में फरीदाबाद से चली हिंद की चादर तीसरी शहीदी यात्रा का देर रात सोमवार को जिला जींद में आगमन हुआ। श्रद्धालुओं ने यात्रा का श्रद्धापूर्वक स्वागत किया। मंगलवार को शहीदी यात्रा के साथ शहरभर में नगर कीर्तन निकाला गया और विभिन्न स्थानों पर संगत ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया। यात्रा के दौरान वाहे गुरु जी का खालसा, वाहे गुरु जी की फतेह के जयकारों से पूरा जिला गुंजायमान रहा।
गुरु घर के प्रवक्ता बलविंदर सिंह ने बताया कि नगर कीर्तन का रोहतक जिला के लाखन माजरा से जींद जिला की सीमा में आगमन हुआ। यात्रा लाखन माजरा से होती हुई सबसे पहले किनाना गांव में पहुंची। वहां से जींद हवेली पर अशरफगढ़ की संगतों द्वारा नगर कीर्तन का भव्य स्वागत किया गया। यहां से नगर कीर्तन सफीदों रोड पहुंचने पर जींद जिला के गुरुद्वारा प्रबंधक समिति सदस्यों द्वारा यात्रा का स्वागत किया।
जलपान और प्रसाद की व्यवस्था की गई
नगर कीर्तन पंज प्यारों की अगुवाई में जींद शहर के सफीदों रोड से परशुराम चौक होते हुए गुरु वीर बंदा बहादुर मार्ग से हिंदू कन्या महाविद्यालय के आगे से होते हुए रानी तालाब के पास स्थित गुरुद्वारा श्री तेग बहादुर साहिब में पहुंचा। गोहाना रोड पर जोगेंद्र सिंह पाहवा व जींद बार कौंसिल द्वारा एडवोकेट सरिता गांधी के नेतृत्व में जलपान और प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। वहीं यात्रा के लिए शहर में जगह-जगह जलपान और प्रसाद की व्यवस्था रही।
जींद पहुंचने पर हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा के बेटे रुद्राक्ष मिड्ढा व जत्थेदार गुरविंदर सिंह सहित साध संगत ने यात्रा का भावपूर्ण तरीके से अभिवादन किया। इसके बाद मंगलवार को गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष में निकाला गया नगर कीर्तन गोहाना रोड से होते हुए हुई उपमंडल सफीदों के अन्य गांव की तरफ प्रस्थान कर गया।
शहीदी यात्रा शहर के लिए आस्था का रही प्रतीक
नगर कीर्तन यात्रा के मार्ग पर सिख समाज के द्वारा जगह जगह पर स्वागत किया गया और प्रसाद बांटा गया। वहीं यात्रा के आगमन पर शहरवासी अपार श्रद्धाभाव से श्री गुरु ग्रंथ साहिब के दर्शनार्थ पहुंचे। यात्रा में एलईडी वैन के माध्यम से सरकार द्वारा संत महापुरुषों के जीवन वृतांत को भी दिखाया जा रहा था। युवा भाजपा नेता रूद्राक्ष मिड्ढा ने कहा कि यह शहीदी यात्रा शहर के लिए आस्था का प्रतीक रही है। श्री गुरु तेग बहादुर जी ने धर्म और देश की रक्षा हेतु सर्वोच्च बलिदान दिया। नगर कीर्तन यात्रा गुरु जी के तप, त्याग, विचार और धर्म रक्षा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश की जनता को इस यात्रा के माध्यम से बताया जा रहा है कि गुरु तेग बहादुर जी ने किस प्रकार अपने देश और धर्म के लिए अपना बलिदान दिया और उनके साथ उनके सिख भाई मतिदास, भाई सती दास, भाई दयाला जी को भी शहादत मिली। हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अंतरिम सदस्य करनैल सिंह निम्नाबाद ने बताया कि यह ऐतिहासिक यात्रा 24 नवंबर को कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। जहां 25 नवंबर को राज्यस्तरीय भव्य समापन समारोह का आयोजन किया जाएगा।
युवाओं को हमारे पूर्वजों के बारे में जरूर पढऩा चाहिए
उन्होंने कहा कि हमारे युवाओं को हमारे पूर्वजों के बारे में जरूर पढऩा चाहिए और सुनना चाहिए। श्री गुरु तेग बहादुर जी केवल सिख समुदाय या भारत के ही नहीं बल्कि संपूर्ण विश्व के मानव अधिकारों के प्रथम महानायक है। उन्होंने धर्म और देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी ने अत्याचारों के विरुद्ध धर्म, न्याय और मानवता की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी अमर शहादत संपूर्ण मानव समाज को साहस, त्याग और कर्तव्य के मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा प्रदान करती है।
गुरूघर प्रवक्ता बलविंदर सिंह ने बताया कि 25 नवंबर को यात्रा प्रदेश के विभिन्न स्थानों से होती हुई कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। कुरुक्षेत्र में आयोजित विशाल समागम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना संदेश देंगे। यह आयोजन सभी संप्रदायों एवं समाजों की व्यापक भागीदारी और एकता का प्रतीक है।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर गुरुद्वारा मैनेजर गुरविंदर सिंह चौगामा, करनैल सिंह निम्नाबाद, गुरविंदर सिंह रत्तक, जत्थेदार गुरजिंदर सिंह, बीबी परमिंदर कौर, मालिक सिंह चीमा, गुरमीत सिंह, कुलदीप सिंह, किरपाल सिंह, सिकंदर सिंह, टहल सिंह, दलबीर सिंह सेठी, दर्शन सिंह, हरबंस सिंह, सतनाम सिंह, इंद्रजीत सिंह, जोगेंद्र सिंह पाहवा, सतनाम सिंह घुम्मण, गुरभेज सिंह, आजाद सिंह, इकबाल सिंह, मेहताब सिंह, देविंद्र सिंह, अंग्रेज सिंह, तरसेम सिंह, यादविंदर सिंह, बलजीत सिंह किनाना आदि उपस्थित रहे।
यह भी पढे : Jind News : कार से 27.570 किलो चूरा पोस्त तथा दो किलो 705 ग्राम अफीम बरामद