• राजस्व विभाग का डीआरडीए हॉल में हुआ पेपर रहित रजिस्ट्री प्रणाली, न्याय निगरानी प्रणाली पोर्टल लांच

Jind News (आज समाज) जींद। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि सरकार सुशासन, पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं जनसरोकारों के प्रति संकल्पबद्ध प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। वर्तमान युग सूचना एवं प्रौद्योगिकी क्रांति का युग है। प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेशवासियों को सुशासन व्यवस्था देते हुए ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से जीरो टॉलरेंस पर कार्य किया जा रहा है।

डिजिटल हरियाणा के सपने को पूरा करने का किया जा रहा है। पेपर रहित रजिस्ट्री, निशानदेही मिलने से प्रदेशवासियों को राहत मिलेगी और उन्हें घर बैठे ही सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा। डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा सोमवार को राजस्व विभाग द्वारा डीआरडीए हॉल में आयोजित पेपर रहित रजिस्ट्री प्रणाली, पेपर रहित निशानदेही,    व्हाट्सअप, चैटबोट, राजस्व न्याय निगरानी प्रणाली पोर्टल लांच के जिलास्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्यअतिथि संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उचाना के विधायक देवें्र चतुर्भुज अत्री विशिष्ठ अतिथि के रूप में शामिल हुए।

प्रदेशस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया

जिला स्तरीय कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र जिला की बाबैन तहसील से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रदेशस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। डिप्टी स्पीकर डॉ. मिड्ढा ने कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश में आमजन को दी जाने वाली कई सेवाओं का ऑनलाइन किया था। उसी परिपाटी को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता के लिए कार्य कर रहे हैं और महत्वपूर्ण सेवाओं को उनके घर द्वार तक पहुंचाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था लागू कर रहे है। आज के युग में प्रशासनिक तंत्र पारंपरिक कागजी कार्य प्रणाली में जकड़ा नही रहे। इसी को ध्यान में रखते हुए पेपर रहित रजिस्ट्री प्रणाली की परिकल्पना को व्यवहारिक धरातल पर उतारा है।

अब रजिस्ट्री प्रक्रिया पुर्णत: डिजिटली होगी। पेपर रहित निशानदेही से कई विवादों का भी खात्मा होगा। अब जीआईएस (जियोग्राफिक इंफॉर्मेशन सिस्टम), ड्रोन मैपिंग, और सैटेलाइट डिजिटल निशानदेही प्रणाली लागू की जा रही है। जिससे भूमि की सीमाएं अविचल और निर्विवाद होंगी। मालिकाना हक अदालती चुनौती से सुरक्षित होगा और भूमि विवादों में मूलत: गिरावट आएगी।

आमजन घर बैठे ही राजस्व विभाग जमाबंदी प्रतियां,  खतौनी व भूनक्शे आदि सेवाओं का लाभ ले सकता है

उन्होंने कहा कि व्हाट्सअप चैटबोट व्यवस्था से आमजन घर बैठे ही राजस्व विभाग जमाबंदी प्रतियां,  खतौनी व भूनक्शे आदि सेवाओं का लाभ ले सकता है। राजस्व न्यायालय निगरानी प्रणाली से न्याय प्रणाली का तकनीकी आधुनिकीकरण किया गया है। इस व्यवस्था से प्रत्येक केस की डिजिटल ट्रैकिंग संभव होगी तथा जवाबदेही तय होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विकासोन्मुखी,  दृष्टिकोण एवं जनसंवेदनशील नेतृत्व के कारण ही यह परिवर्तन संभव हुआ है। उनका यह डिजिटल हरियाणा का स्वप्न, अब केवल स्वप्न नही  अपितु यथार्थ के धरातल पर मूर्त रूप धारण कर चुका है।

मुख्यमंत्री की प्रतिबद्धता गवर्नेंस को गवर्नमेंट टू गवर्नेंस ट्रांसफॉर्मेशन की दिशा में परिवर्तित कर रही है। यह कार्यक्रम मात्र नई तकनीकों का लोकार्पण नही है, यह एक राजनीतिक संकल्प, एक प्रशासनिक क्रांति और एक नैतिक उत्तरदायित्व का उद्द्घोष है।

पेपरलेस व्यवस्था ऐतिहासिक कार्य

उचाना के विधायक देवेंद्र चतुर्भुज अत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार नित नए विकास के आयाम स्थापित कर रही है। पेपरलेस  व्यवस्था देकर ऐतिहासिक कार्य किया गया है। प्रदेशवासियों को ऑनलाईन व्यवस्था से अनेकों सुविधाओं का लाभ उनके घर द्वार पर दिया जा रहा है। जनता के बीच पारदर्शी व्यवस्था दी जा रही है। जिससे भ्रष्टाचार को समाप्त किया जा रहा है। प्रदेशवासियों को साफ. सुथरा एवं सुगम, सुशासन दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता के हित में निरंतर कार्य कर रहे हैं। आज के समय पर आमजन को इधर-उधर चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है बल्कि ऑनलाइन व्यवस्था से उनके कार्य हो रहे हंै।

राजस्व विभाग द्वारा कई महत्वपूर्ण सेवाओं को ऑनलाईन किया गया है। जिससे प्रदेश की जनता को सीधा लाभ मिलेगा और उनके समय की भी बचत होगी। इस अवसर डीसी मोहम्मद इमरान रजा, उचाना के एसडीएम दलजीत सिंह, सफीदों एसडीएम पुलकित मल्होत्रा, डीआरओ राजकुमार,  तहसीलदार निखिल सिंगला, नायब तहसीलदार बलराज जाखड़ आदि मौजूद रहे।

राजस्व विभाग ने लगाया रक्तदान शिविर

राजस्व विभाग द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर में हरियाणा के डिप्टी स्पीकर ने रक्तदाताओं को बैज लगाकर उनका हौंसलावर्धन किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महादान है। यह एक ऐसा पुण्य कार्य है,  जिससे किसी की जिंदगी बचाई जा सकती है। हर स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से स्वेच्छा से रक्तदान करना चाहिए।

यह भी पढे : Jind News : सफीदों विधानसभा में विकास कार्यों के लिए धन की नही कोई कमी : रामकुमार गौतम