- सोचै सोचि न होवई, जो सोची लखवार, चुपै-चुपि न होवई, जे लाई रहालिवतार
- गरुद्वारों में अटूट लंगर में श्रद्धालुओं ने चखा प्रशाद
Jind News(आज समाज) जींद। प्रथम पातशाही गुरु नानक देव के प्रकाशोत्सव पर बुधवार को शहर के सभी गुरुद्वारों में रखे गए श्री गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठों का भोग डाला गया तथा धार्मिक दीवान सजाए गए। गुरुघर के प्रवक्ता बलविंद्र सिंह ने बताया कि अल सुबह ही शहर के सभी गुरुद्वारों में संगतों ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेक कर अपने गुरु के जन्मदिन के प्रति अपनी खुशी का इजहार किया तथा गुरु का अटूट लंबर बनाने की सेवा भी की। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी महाराज ने प्रत्येक प्राणी को जीवन जीने की राह दिखाई। उनका त्याग, तप और ज्ञान प्रेरित करता है।
उनकी दी हुई शिक्षाएं गुरु ग्रंथ साहिब में मौजूद हैं। श्री गुरु नानक देव ने इक ओंकार का संदेश फैलाया। जिसका अर्थ है एक ईश्वर। जो अपनी हर रचना में वास करता है। दोपहर बाद सभी गुरुद्वारा में गुरु का अटूट लंगर बरताया गया।
रागी जत्थों ने किया गुरू की महिमा का बखान
गुरूद्वारा बंदा बहादुर साहिब में हजूरी रागी भाई गुरजीत सिंह के रागी जत्थे द्वारा गुरबाणी कीर्तन गायन किए। सिंह सभा गुरुद्वारा भारत सिनेमा रोड में भाई सतवंत सिंह, भाई रिषिपाल सिंह ने गुरबाणी कीर्तन गायन किया। रेलवे जंक्शन स्थित सिंह सभा गुरूद्वारा में भाई संतोख सिंह व भाई जसवंत सिंह ने गुरुबाणी शब्दों द्वारा गुरु की महिमा का बखान किया व गुरु नानक देव की जीवनी से रूबरू करवाया।
वहीं गुरूद्वारा गुरू तेग बहादुर साहिब हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कार्यकारिणी सदस्य सरदार करनैल सिंह निम्नाबाद ने प्रकाशोत्सव पर श्रद्धालुओं को संबांधित करते हुए कहा कि गुरु नानक जी ने कहा है सोचै सोचि न होवई, जो सोची लखवार। चुपै-चुपि न होवई, जे लाई रहालिवतार। यानी ईश्वर का रहस्य सिर्फ सोचने से नही जाना जा सकता है, इसलिए नाम जपें।
धार्मिक दीवान में गुरू की महिमा का किया बखान
ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु तेग बहादुर साहिब में प्रकाशोत्सव के उपलक्ष में सजाए गए धार्मिक दीवान में नानकसर साहिब पंजाब से आए भाई गुरमुख सिंह एवं करनाल से आए भाई चरनजीत सिंह ने सतगुरु नानक प्रगटिया, मिटी धुंध जग चानन होया शब्द की व्याख्या में संगतों को गुरु नानक देव जी की जीवनी से रूबरू करवाया। प्रसिद्ध कथा वाचक गुरविंदर सिंह रत्तक ने गुरु नानक देव की शिक्षाओं से संगतों को अवगत करवाया और साथ ही गुरू नानक देव जी की बाणी का बखान किया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक साहिब का मानना था कि प्रत्येक व्यक्ति के समीप भगवान का निवास होता है, इसलिए हमें धर्म, जाति, लिंग, राज्य के आधार पर एक दूसरे से भेदभाव नहीं करना चाहिए।
यह रहे मौजूद
इस मौके पर गुरुद्वारा मैनेजर गुरविंदर सिंह चौगामा, जत्थेदार गुरजिंदर सिंह, जसबीर सिंह, अशोक छिब्बर, कमलजीत ग्रेवाल, चरनजीत सिंह चन्ना, रमनदीप सिंह, निर्मल सिंह, जोगेंद्र सिंह पाहवा, हरबंस सिंह, जसकरण सिंह, सतनाम सिंह, महेंद्र सिंह, शोभा सिंह, कृपाल सिंह, गुरविंद्र सिंह, गोल्डी व राजकुमार गुरूद्वारों में अपनी-अपनी सेवा देते रहे।
यह भी पढे : Jind News : एक माह से चल रहे विष्णु महायज्ञ में श्रद्धालुओं ने डाली पूर्णाहुति