- युवा ही भारत की असली ताकत : करण प्रताप सिंह
Jind News(आज समाज) जींद। प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय में सोमवार को जिला युवा एवं उद्यमिता विकास विभाग द्वारा जिला युवा महोत्सव का शुभारंभ बड़े उत्साह और जोश के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी के पुत्र करण प्रताप सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम के पहले दिन महाविद्यालय के सभागार में युवाओं की उमंग, रचनात्मकता और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा।
महोत्सव के तहत विभिन्न विधाओं जैसे लोकनृत्य, लोकगीत, गीत, संगीत, पेटिंग, कहानी लेखन, विज्ञान प्रदर्शनी आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जिलेभर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से आए प्रतिभागियों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया और अपनी कला तथा प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए करण प्रताप सिंह ने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और इसकी असली ताकत इसके युवा हैं।
देश को विकसित व आत्मनिर्भर भारत के सपने तक पहुंचाने में देंगे योगदान
यदि यही युवा शक्ति अपने कौशल, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ेगी तो निश्चित रूप से भारत फिर से विश्वगुरु के पद पर प्रतिष्ठित होगा। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे इस मंच से प्रेरणा लेकर जीवन में एक संकल्प करें कि वे अपने ज्ञान, प्रतिभा और परिश्रम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और देश को विकसित व आत्मनिर्भर भारत के सपने तक पहुंचाने में योगदान देंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानए जींद के प्रधानाचार्य नरेश कुमार पांचाल ने की।
उन्होंने कहा कि कहा कि वर्तमान समय कौशल विकास का युग है। आज का युवा यदि अपनी शिक्षा, हुनर और मेहनत को एक निश्चित दिशा में केंद्रित करे तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं रह जाता। कार्यक्रम में विभाग के उप निदेशक अनिल कुमार गोयल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि देश के विकास में युवा वर्ग की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। जब हर युवा सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ कार्य करेगा तभी हम श्विकसित भारत का स्वप्न साकार कर पाएंगे।
हरियाणा की माटी की खुशबू से भरे गीत किए प्रस्तुत
महोत्सव के दौरान हरियाणा की लोक संस्कृति की छटा भी देखने को मिली। प्रसिद्ध हरियाणवी लोक गायक रामकेश जीवनपुर ने अपनी आवाज में हरियाणा की माटी की खुशबू से भरे गीत प्रस्तुत किए। उनके गीतों ने पूरे पंडाल को झूमने पर मजबूर कर दिया। छात्र व छात्राओं ने उनके सुरों पर थिरकते हुए हरियाणा की सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत कर दिया।
महोत्सव में लोकनृत्य और गीत, संगीत के माध्यम से हरियाणवी परंपरा और युवा जोश का सुंदर संगम दिखाई दिया। वहीं विभिन्न संस्थानों से आए छात्र व छात्राओं ने अपने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से हरियाणा की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और राग रंग को जीवंत कर दिया। इस मौके पर प्रधानाचार्य जय नारायण गहलावत, ओमपाल सिंह, राजेश कुंडू, रामनिवास, मंगल सिंह, केवल सिंह, रमेश चंद्र, नवीन उचाना सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
यह भी पढे : Jind News : दो दिवसीय जिला सीनियर बास्केटबॉल चैम्पियनशिप आयोजित