- अर्जुन स्टेडियम में तीन दिवसीय 79वां वार्षिक दीवान श्रद्धा व धूमधाम से मनाया जा रहा
Jind News(आज समाज) जींद। बाबा बंदा सिंह बहादुर सिख संप्रदाय (भारत) रजि. के तत्वावधान में शनिवार को बाबा बंदा सिंह बहादुर के प्रकाशोत्सव पर भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। नगर कीर्तन अर्जुन स्टेडियम से शुरू होकर कुंदन सिनेमा, महाराजा अग्रसेन स्कूल से होते हुए शहर में निकला। नगर कीर्तन के दौरान साध संगत ने वाहेगुरू की जयकार की और नाम जप किया।
इस दौरान गतखा पार्टियों ने करतब दिखा कर सबको अचंभित कर दिया। गौरतलब है कि अर्जुन स्टेडियम में तीन दिवसीय 79वां वार्षिक दीवान श्रद्धा व धूमधाम से मनाया जा रहा है। वार्षिक दीवान के दूसरे दिन शहर में नगर कीर्तन का निकाला गया। बाबा बंदा सिंह बहादुर सिख संप्रदाय (भारत) रजि. के राष्ट्रीयध्यक्ष डॉ. शिव शंकर पाहवा ने बताया कि वार्षिक दीवान वह धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रम होता है। जिसमें उन महान शहीदों को याद किया जाता है। जिन्होंने देश को आजाद करवाया।
कार्यक्रम में दसवें वंशज एवं वर्तमान गद्दीनशीन डेरा बाबा बंदा बहादुर रियासी (जम्मू कश्मीर) बाबा जतिंद्रपाल सिंह सोढी का सानिध्य प्राप्त हुआ है। 15 नवंबर शनिवार को मध्य की अरदास, कीर्तन एवं प्रवचन में कथा वायक भाई हरजीत सिंह हरमन शाहबाद वालों ने गुरू की महिमा का बखान किया। वहीं रात्रि आठ से दस बजे तक लाइट, साइट व साउंड कार्यक्रम होगा।
गुरुओं की शिक्षाओं पर अमल करते हुए उनके पदचिन्हों पर चलना चाहिए : गगनदीप
बाबा बंदा बहादुर के प्रकाश उत्सव पर गगनदीप सिंह अरोड़ा ने कहा कि हमें अपने गुरुओं की शिक्षाओं पर अमल करते हुए उनके बताए पदचिन्हों पर चल कर देश और धर्म का विकास करना है। गुरु तेग बहादुर साहिब ने देश और धर्म की खातिर अपने आप को ही नही बल्कि अपने पूरे सरबंश को कुर्बान कर दिया और उसी कुर्बानी के सदके आज हम मंदिरों में राम-राम और गुरुद्वारों में वाहेगुरु-वाहेगुरु का जाप करने के काबिल बने हैं।
16 नवंबर को डाला जाएगा श्री अखंड साहिब पाठ का भोग
श्री अखंड पाठ साहिब का भोग डाला जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल, सीएम नायब सैनी, डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा, कैबिनेट मंत्री दिल्ली सरकार मनजिंद्र सिंह, हांसी विधायक विनोद भ्याणा, बवानीखेड़ा विधायक कपूर सिंह को निमंत्रण दिया गया है।
यह भी पढे : Jind News : बागवानी फसलों की खेती के लिए मिलेगा अनुदान