गत देर रात पानीपत समेत 3 जिलों में ओले गिरे
(आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में गत रात्रि से मौसम बदल गया है। पहले तेज आंधी चली। उसके बारिश हुई। करनाल, पानीपत और कैथल में बारिश के साथ ओले भी गिरे थे। आज सुबह से ही हिसार, रेवाड़ी, सिरसा, फतेहाबाद, गुरुग्राम, पानीपत, भिवानी, अंबाला झज्जर, जींद, पंचकूला, महेंद्रगढ़, पलवल, नूंह और फरीदाबाद में बारिश हो रही है। तेज तूफान चल रहा है। बिजली चमक रही है।
गुरुग्राम के सेक्टर 56 में आंधी से पेड़ टूटकर गाड़ियों पर गिर गया। पलवल में बिजली गुल हो गई है। सिरसा के रानियां में बारिश से सड़कों पर आधा फीट तक पानी भर गया है। वहीं चरखी दादरी और सोनीपत में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल व पानीपत में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।
जींद-हिसार में आसमानी बिजली गिरी
जींद और हिसार में 2 घरों पर आसमानी बिजली गिरी। इससे खिड़कियों के शीशे टूट गए। दीवारों में दरारें आ गईं। लेंटर में गड्ढा पड़ गया। वहीं बिजली के उपकरण और वायरिंग जल गई।
पेड़ टूटकर बिजली लाइनों पर गिरे
रेवाड़ी में अलसुबह करीब साढ़े 5 आंधी के साथ बारिश हुई। जिसके कारण पेड़ टूटकर बिजली लाइनों पर गिर गए। तार टूटने से 28 गांव व रेवाड़ी शहर की 6 कॉलोनियों में सुबह 5 बजे से बत्ती गुल है। आंधी के कारण रेवाड़ी- झज्जर, रेवाड़ी- कोसली, रेवाड़ी-नारनौल रूट पर पेड़ टूटे हुए मिले हैं। अनुमान के अनुसार जिले में करीब 400 से अधिक पेड़ टूटे हैं।
गुरुग्राम में सड़क धंसी, फरीदाबाद अंडरपास में कार डूबी
गुरुग्राम में सड़क धंस गई। आंधी से पेड़ टूटकर गाड़ियों पर गिर गया। इसके साथ पार्क की दीवार गिरी। फतेहाबाद में गड्ढे में प्राइवेट स्कूल की बस फंस गई। कई जगह बिजली गुल है। मंडियों में खुले में रखा गेहूं भीग गया। फरीदाबाद में अंडरपास के अंदर कार डूब गई। इस दौरान गाड़ी का ड्राइवर सुरक्षित बाहर निकल आया। इसके बाद अंडरपास के दोनों तरह के गेट बंद कर दिए गए। वहीं ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया है। यहां 4 मंजिला बिल्डिंग की लोहे की शटरिंग 5 गाड़ियों पर गिर गई।
कल इन जिलों में होगी बारिश
विभाग के मुताबिक कैथल, जींद, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में मौसम ड्राई रहेगा। 3 मई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, फतेहाबाद व सिरसा में 25-50 प्रतिशत बारिश की संभावना है। कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, जींद, हिसार, रेवाड़ी व महेंद्रगढ़ में 25 प्रतिशत तक बारिश का अनुमान है। 4 मई को पंचकूला, अंबाला व यमुनानगर में 25-50 प्रतिशत तक बारिश हो सकती है।
सिरसा रहा सबसे गर्म जिला
हरियाणा के अधिकतम तापमान में गुरुवार को 2.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य के नजदीक ही चल रहा है। इधर, प्रदेश का सबसे गर्म जिला सिरसा रहा। सिरसा का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
ये भी पढ़ें : हरियाणा में अफसरों के हेडक्वार्टर छोड़ने पर रोक
ये भी पढ़ें: पंजाब और हरियाणा में पानी विवाद गहराया