- जापान का एनएचके चैनल ने शूट की सुनील जागलान पर अंतरराष्ट्रीय डॉक्युमेंट्ररी फिल्म
Jind News (आज समाज) जींद। जापान के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रसारण चैनल एनएचके ने भारतीय सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व सरपंच एवं प्रोफेसर सुनील जागलान के अंतरराष्ट्रीय स्तर के जनजागरण अभियानों पर डॉक्यूमेंट्री शूट की है। यह शूटिंग जींद जिले के बीबीपुर गांव में की गई। जहां जापानी फिल्ममेकर नोमूरा यूसूकी ने जागलान के क्रांतिकारी प्रयासों को करीब से कैद किया। डॉक्यूमेंट्री में जागलान के प्रमुख अभियानों जैसे लाडो राइट्स, सेल्फी विद डॉटर, बेटियों के नाम नेम प्लेट, लड़कियों की शादी की न्यूनतम आयु 21 वर्ष करने का अभियान तथा सेल्फी अंगेस्ट डॉवरी को प्रमुखता से दर्शाया गया है।
शूटिंग विभिन्न स्थानों पर हुई। जिसमें जागलान की टीम के सदस्यों की भूमिका भी उभरकर सामने आई। एनएचके के डॉक्यूमेंट्री फिल्ममेकर नोमूरा यूसूकी ने कहा कि जापान में सुनील जागलान के अभियानों के बारे में पढऩे को मिला है। ये प्रयास न केवल भारत के लिए बल्कि वैश्विक स्तर पर महिलाओं के सशक्तिकरण की मिसाल हैं। यह डॉक्यूमेंट्री जागलान के वैश्विक प्रभाव का एक और प्रमाण है। इससे पहले 30 से अधिक देशों में उनके जीवन और कार्यों पर डॉक्यूमेंट्री फिल्में निर्मित हो चुकी हैं। जिन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से नवाजा गया है।
अभियानों की गूंज डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से जापान तक पहुंच रही
सुनील जागलान ने इस अवसर पर कहा कि यह अत्यंत प्रेरणादायक है कि हमारे अभियानों की गूंज डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से जापान तक पहुंच रही है। वहां भी पितृसत्तात्मक सोच से महिला शोषण की समस्या गंभीर है और ये पहलें वैश्विक समानता की दिशा में एकजुटता का संदेश देती हैं। पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से महिला सशक्तिकरण एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में जागलान ने बेटी बचाओ से लेकर सेल्फी विद डॉटर, बेटियों के नाम नेम प्लेट, पीरियड चार्ट, एक पेड़ लाडो के नाम विमेन हैप्पीनेस चार्ट तथा लाडो पंचायत जैसे सैंकड़ों अभियान शुरू किए हैं।
वैश्विक पटल पर भारतीय सामाजिक नवाचार की धाक
इनकी सफलता का प्रमाण यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन्हें 10 बार से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सराहा है। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक में प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस के रूप में कार्यरत जागलान के ये प्रयास ग्रामीण भारत को सशक्त बनाने के साथ-साथ वैश्विक पटल पर भारतीय सामाजिक नवाचार की धाक बिठा रहे हैं। एनएचके की यह डॉक्यूमेंट्री जल्द ही जापान में प्रसारित होगी, जो महिला सशक्तिकरण की इस यात्रा को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।
यह भी पढे : Jind News : पुलिस ने मकान पर छापेमारी कर 72 किलोग्राम पटाखे बरामद किए