परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का लगाया आरोप
Hisar News, (आज समाज), हिसार: हरियाणा के हिसार में एक नवविवाहित द्वारा जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने का मामला प्रकाश में आया है। आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप फौजी पति पर लगा है। पति ने महिला को व्हाट्सएप पर तलाक के कागजात भेजे, जिससे आहत होकर पत्नी ने जानलेवा कदम उठाया।

वहीं महिला के परिजनों ने भी सुसराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवती की 5 माह पहले ही फौजी युवक से शादी हुई थी।

गढ़ी गांव के अंकुश से 5 माह पहले हुई थी कविता की शादी

प्राप्त जानकारी अनुसार हांसी थाना क्षेत्र के गांव उमरा निवासी 24 वर्षीय कविता की शादी 5 महीने पहले हांसी के पास गढ़ी गांव के अंकुश से हुई थी। अंकुश सेना में जवान है। शादी बड़ी धूमधाम से की गई थी। आरोप है कि शादी के बाद ही ससुराल वालों ने उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया। इस कारण कविता 1 जून से अपने मायके उमरा में आ गई थी।

रविवार को भेजे तलाक के कागजात

परिजनों ने आगे बताया कि मायके आए कविता को दो महीने से ज्यादा हो गए थे। आरोप है कि ससुराल वाले उसे फोन भी नहीं करते थे। कविता करती थी तो सीधे मुंह बात नहीं करते थे। रविवार को कविता के वॉट्सऐप पर उसके पति अंकुश ने कुछ कागजात भेजे थे। इन कागजात पर पढ़ने पर पता लगा कि ये तलाक के है।

पति ने कॉल रिसीव नहीं की, सास बोली-मर गई तो हम क्या करें

परिवार के मुताबिक, वॉट्सऐप पर भेजे गए कागजात देख कविता आहत हो गई। रविवार की शाम कविता ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। इसके बाद उसे गंभीर हालत में हांसी के सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। जब उन्होंने घटना के बारे में उसके पति अंकुश को जानकारी देने के लिए कॉल की तो उसने रिसीव नहीं किया।

कविता की सास को कॉल की तो यह कहकर बेरुखी दिखाई कि मर गई तो हम क्या करें। इसके बाद फोन काट दिया गया। हालांकि बाद में कविता के ससुराल पक्ष के कुछ लोग अस्पताल पहुंचे और समझौते की कोशिश की।

मामले की जांच कर रही पुलिस

इस मामले में थाना प्रभारी ने बताया कि युवती के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। उसके परिजनों ने दहेज प्रताड़ना सहित वॉट्सऐप पर तलाक के कागजात भेजने वाली बात बताई है। इन बयानों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें : हरियाणा में कुम्हारों को दिए जाएंगे पात्रता प्रमाण पत्र

ये भी पढ़ें : हरियाणा के सरकारी स्कूलों में छात्राओं को फ्री दिए जाएंगे सैनिटरी पैड