Himachal Monsoon Havoc: 249 सड़कें बंद, 750 से ज्यादा जल योजनाएं प्रभावित

0
67
Himachal Monsoon Havoc
Himachal Monsoon Havoc: प्रदेश में 249 सड़कें बंद, 750 से ज्यादा जल योजनाएं प्रभावित
  • मानसून की शुरुआत से 92 लोगों की मौत

Himachal Weather Update, (आज समाज), शिमला: हिमाचल प्रदेश में बीते करीब 15 दिन हो रही भारी बारिश के कारण कुल 249 सड़कें आवागमन के लिए बंद हैं। अधिकारियों के मुताबिक इनमें से सबसे ज्यादा 207 सड़कें भूस्खलन प्रभावित मंडी जिले में हैं। भारी बारिश के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग 3 (अटारी-लेह) का मंडी से धर्मपुर वाया कोटली मार्ग भारी व्हीक्लस के लिए बंद कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें : Monsoon Update: हिमाचल से गुजरात तक मानसूनी बारिश बनी आफत, हिमाचल में फिर बादल फटे, पांच पुल बहे

10 घंटे तक बंद रहा मंडी-कुल्लू मार्ग

मंडी में पंडोह बांध के पास कैंची मोड़ पर शुक्रवार देर रात भूस्खलन के बाद चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग का मंडी-कुल्लू मार्ग लगभग 10 घंटे तक बंद रहा। वहां से वाहनों को वैकल्पिक कटोला-कामंद मार्ग से भेजा गया। पहाड़ी से सड़क पर मलबा और पत्थर गिरने के बाद यातायात रोक दिया गया था, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

राज्य को 751 करोड़ का नुकसान

अधिकारियों के अनुसार 20 जून को आए मौजूदा मानसून में राज्य को 751 करोड़ का नुकसान हुआ है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, लगभग 463 बिजली वितरण ट्रांसफार्मर और 781 जलापूर्ति योजनाएं बाधित हैं।

18 जुलाई तक भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’

प्रदेश के कुछ हिस्सों में लगातार मध्यम से भारी बारिश हो रही है। स्थानीय मौसम विभाग ने 18 जुलाई तक राज्य के 12 जिलों में से चार से दस जिलों में छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मानसून की शुरूआत के बाद से, 92 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से 56 बारिश से संबंधित घटनाओं में और 36 सड़क दुर्घटनाओं में मारे गए हैं। 172 घायल हुए हैं, जबकि 33 लापता हैं।

31 बार बाढ़, 22 बार बादल फटने, 17 बार भूस्खलन हुआ 

30 जून और 1 जुलाई की मध्यरात्रि को मंडी के विभिन्न हिस्सों में 10 जगह  बादल फटने, अचानक बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में बह गए 27 लोगों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान अभी भी जारी है। इन घटनाओं में 15 लोगों की मौत हो गई थी। एसईओसी के अनुसार, राज्य में सामान्य से 26 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है और अब तक 31 बार अचानक बाढ़, 22 बार बादल फटने और 17 बार भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं।

यह भी पढ़ें : Himachal Weather Update: प्रदेश में भारी बारिश व बाढ़ की चेतावनी, येलो अलर्ट जारी