- मामला राजनीति से प्रेरित शरारती कृत्य : राजीव बिंदल
Doctor Ram Kumar Bindal Arrested In Rape Case, (आज समाज), शिमला: हिमाचल प्रदेश पुलिस ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल के बड़े भाई और पारंपरिक चिकित्सा के डॉक्टर राम कुमार बिंदल को 25 वर्षीय महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने के मामले में गिरफ्तार किया है। अमर कुमार बिंदल (81) पर सोलन में अपने क्लिनिक में मेडिकल जांच के बहाने महिला के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है।
महिला के साथ मारपीट भी की : एसपी
पुलिस अधीक्षक (एसपी) गौरव सिंह ने बताया है कि राम कुमार ने 7 अक्टूबर को महिला के साथ मारपीट भी की थी। उन्होंने बताया कि महिला ने 8 अक्टूबर को सोलन के महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 64 (बलात्कार की सजा) और धारा 68 (अधिकार प्राप्त व्यक्ति द्वारा यौन संबंध) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
लंबे समय से एक बीमारी से पीड़ित थी महिला
पुलिस अधीक्षक ने कहा, महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह लंबे समय से एक बीमारी से पीड़ित थी और 7 अक्टूबर को आयुर्वेदिक उपचार के लिए ‘वैद’ राम कुमार के सोलन स्थित क्लिनिक में उनसे परामर्श लेने गई थी। राजीव बिंदल ने मामले को राजनीति से प्रेरित शरारती कृत्य करार दिया है। उन्होंने कहा, मेरे भाई 81 साल के हैं और पूरे क्षेत्र में अपने सामाजिक कार्यों के लिए जाने जाते हैं। वह आयुर्वेदिक चिकित्सक हैं और न केवल हिमाचल प्रदेश से, बल्कि पड़ोसी राज्यों से भी लोग उनके पास इलाज के लिए आते हैं। उनके पोते एक आईपीएस अधिकारी हैं। मुझे समझ नहीं आ रहा कि एक महिला द्वारा लगाए गए कुछ आरोपों के आधार पर पुलिस ने उन्हें इतनी जल्दी कैसे गिरफ्तार कर लिया।
सहमति न होने के बावजूद गुप्तांगों की जांच शुरू की
महिला ने अपनी शिकायत यह भी कहा है कि क्लिनिक में उसने राम कुमार को अपनी यौन स्वास्थ्य संबंधी समस्या के बारे में बताया। उसने कहा कि राम कुमार ने उसकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में विस्तार से पूछताछ की और उसे ठीक करने का आश्वासन दिया। पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा, उसने अपनी विशेषज्ञता के प्रमाण के रूप में एक संबंधित किताब भी दिखाई। पुलिस ने शिकायत का हवाला देते हुए कहा कि महिला ने आरोप लगाया है कि राम कुमार ने उसकी सहमति न होने के बावजूद उसके गुप्तांगों की जांच शुरू कर दी।
मेडिकल जांच के बहाने डिजिटल तरीके से दुष्कर्म किया
पुलिस के अनुसार महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि मेडिकल जांच के बहाने उसके साथ डिजिटल तरीके से दुष्कर्म किया गया और वह किसी तरह आरोपी को धक्का देकर भागने में कामयाब रही। पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद, प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। एसपी सिंह बताया, आरोपी को गिरफ्तार करने से पहले, हमने एक स्थानीय मजिस्ट्रेट के सामने महिला का बयान दर्ज किया और घटनास्थल से प्रासंगिक फोरेंसिक साक्ष्य भी एकत्र किए। हमने पाया, आरोपी ने 7 अक्टूबर को क्लिनिक के उस रजिस्टर का पन्ना फाड़ दिया था जहां पीड़िता का पूर्ववृत्त दर्ज किया गया था।
ये भी पढ़ें : Himachal Crime News : शातिरों ने महिला के बैंक खातों से उड़ाए साढ़े सात लाख