सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट कर दी जानकारी
Wrestler Sarita Mor, (आज समाज), सोनीपत: हरियाणा की पहलवान सरिता मोर मां बन चुकी है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो पोस्ट डालकर उन्होंने ने यह जानकारी दी है। सरिता मोर ने लिखा-नई जर्नी शुरू। सरिता मोर ने बेटे को जन्म दिया है। हालांकि सरिता मोर ने सोशल मीडिया पर बेटे की तस्वीर साझा नहीं की है। फेसबुक अकाउंट पर डाली इसी फोटो में सरिता और उनके पति राहुल मान काफी खुश नजर आ रह है। यह दोनों की पहली संतान है।

सरिता मोर हरियाणा के सोनीपत की रहने वाली है। सरिता साल 2017 में खेड़ा गांव निवासी अंतरराष्ट्रीय पहलवान राहुल मान के साथ शादी के बंधंन में बंध गई थी। राहुल, सरिता के कोच भी रहे हैं। वर्तमान में राहुल रेलवे में नौकरी करते है। सरिता 3 साल पहले विश्व कुश्ती रैंकिंग में नंबर-1 पर रही हैं। एशियाई चैंपियनशिप में कई बार पदक जीत चुकी हैं।

सोशल मीडिया पर लिखा

सरिता मोर ने फेसबुक पर एक पोस्ट में लिखा, विद ब्लेसिंग्स आॅफ गॉड एंड विश आॅफ यू आॅल, वी हैव बीन बलेस्ड बाई ए बेबी ब्वाय। ए न्यू जर्नी बिगिन्स,फिल्ड विद टिनी फीट एंड एंडलैस लव, वेलकम टू द वर्ल्ड, अवर बेबी ब्वाय। वहीं दूसरी पोस्ट में उन्होंने संस्कृत का एक श्लोक साझा किया, जिसमें लिखा है- ओइम कृष्णाय वासुदेवाय हरये परमात्मने प्रणत: क्लेशनाशाय गोविंदाय नमो नम:

बचपन में कबड्डी खेलती थी सरिता

सरिता मोर का जन्म 16 अप्रैल 1995 को हुआ था। बचपन में कबड्डी खेलते-खेलते उन्होंने कुश्ती को अपना करियर बना लिया। 2010 में महज 15 साल की उम्र में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कैडेट वर्ग में पदार्पण किया। सरिता मोर ने अपनी जगह बनाने के लिए कड़ी मेहनत की।

उपलब्धियां

2017 में एशियाई चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतकर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। सरिता 2022 में विश्व रैंकिंग में 59 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में विश्व नंबर-1 रही थी। उन्होंने एशियाई चैम्पियनशिप में चार पदक जीते थे। 2021 में एशियाई चैम्पियनशिप में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीतने के साथ विश्व चैम्पियनशिप (ओस्लो) में कांस्य पदक हासिल किया। 2022 में उन्हें उनके शानदार प्रदर्शन के लिए अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

ये भी पढ़ें : आज होगा हरियाणा के सीनियर आईपीएस अफसर वाई पूरन कुमार के शव का पोस्टमार्टम