सोना एक दिन में 3726 रुपए टूटा तो चांदी के दाम एक सप्ताह के अंदर 25,599 रुपए हुए कम
Gold Price Update (आज समाज), बिजनेस डेस्क : त्योहारी सीजन जैसे-जैसे बीत रहा है वैसे-वैसे दोनों कीमती धातुओं की दाम भी लगातार कम होते जा रहे हैं। सबसे ज्यादा हैरान चांदी कर रही है। दिल्ली सर्राफा बाजार में जहां बुधवार 22 अक्टूबर को सोने के दाम 3726 रुपए प्रति 10 ग्राम टूटे तो वहीं चांदी एक ही दिन में 10,549 रुपए टूट गई। इतना ही नहीं बीते एक सप्ताह के दौरान चांदी की कीमत में 25 हजार से ज्यादा की कमी प्रति किलोग्राम दर्ज की जा चुकी है।
इस तरह रहे सोने-चांदी के दाम
राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना 24 कैरेट सोने का दाम 3,726 रुपए घटकर 1,23,907 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वहीं चांदी के दाम आज 10,549 रुपए घटकर 1,52,501 रुपए प्रति किलो पर आ गए हैं। बता दें कि सोना अपने आॅल टाइम हाई से 5,677 रुपए और चांदी भी रिकॉर्ड हाई से 25,599 रुपए सस्ती हो गई है।
पांच साल बाद सोने में इतनी बड़ी गिरावट
मंगलवार को सोने में 5 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई, जो पांच साल में एक ही दिन में आई सबसे बड़ी गिरावट रही। यह अगस्त 2020 के बाद की सोने में सबसे बड़ी गिरावट है। ज्वेलर्स का कहना है, ग्राहक कीमतों में आई गिरावट का फायदा उठा रहे हैं। उम्मीद है कि इस दौरान आभूषण की बिक्री में 10 से 15 प्रतिशत बढ़ सकती है। इस बीच सोने और चांदी के कीमतों में गिरावट आने से सोने की खरीदारी एक बार फिर देखने को मिल रही है। आगामी शादी ब्याह के मौसम के लिए लोगों ने इस गिरावट का फायदा उठाया है।
इसलिए कम हुए सोने-चांदी के दाम
जानकारों का कहना है कि घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में 132,294 रुपये प्रति 10 ग्राम के अपने उच्च स्तर से घटकर 123,3907 रुपये प्रति 10 ग्राम आ गई, जो कि 4,000 यानी 3 प्रतिशत से अधिक की गिरावट है। सोने की कीमतों में हालिया गिरावट बाजार में रिकॉर्ड तेजी के बीच निवेशकों द्वारा की गई मुनाफावसूली के बाद आई है। कमोडिटी रिपोर्ट बताती हैं इस साल सोने ने लगभग 60 प्रतिशत का रिटर्न का दिया है, जो कि अन्य रिटर्न से कही अधिक है। इसके अलावा अमेरिका और चीन व्यापार संबंध में सुधार के संकेत, साथ ही भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता में सकारात्मकता के संकेत की वजह से सोने की कीमतों गिरावट आई है।
आरबीआई के स्वर्ण भंडार में वृद्धि जारी
एक तरफ जहां सोने की कीमतें हर रोज नया आसमान छू रही हैं वहीं भारत सोने के अपने भंडार में लगातार वृद्धि कर रहा है। जोकि विकसित भारत के सपने को सच करने के लिए बहुत ज्यादा महत्वपूर्ण है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार 26 सितंबर 2025 तक उसके रिजर्व में पड़े सोने का कुल मूल्य 95 बिलियन डॉलर था। ज्ञात रहे कि बढ़ती वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच हाल के महीनों में सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोने की मांग में वृद्धि हुई है।भारतीय रिजर्व बैंक का स्वर्ण भंडार 2025-26 की पहली छमाही में 880 मीट्रिक टन को पार कर गया है। केंद्रीय बैंक ने सितंबर के आखिरी हफ्ते में इसमें 0.2 मीट्रिक टन की वृद्धि की है।
ये भी पढ़ें : Business News Hindi : केंद्र सरकार का लक्ष्य देश को आत्मनिर्भर बनाना : गोयल