मौसम विभाग ने प्रदेश के 8 जिलों में गहरी धुंध का अलर्ट किया जारी
Haryana Weather Update, (आज समाज), चंडीगढ़: हरियाणा के कई जिलों में आज सुबह धुंध देखने को मिली। धुंध का सबसे अधिक असर सोनीपत पर दिखाई दिया। यहां पर विजिब्लिटी 10 मीटर से भी कम रही। वहीं मौसम विभाग ने प्रदेश के 8 जिलों में गहरी धुंध पड़ने का अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों में धुंध का अलर्ट जारी किया गया है। उनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, जींद और सोनीपत शामिल है। इसके अलवा फरीदाबाद के ग्रामीण इलाकों में भी आज सुबह कोहरा देखा गया है। आने वाले दो दिन कोहरा छाने की आशंका है। 16 दिसंबर से एक बार फिर उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में स्थिरता बने रहने की संभावना है, जिससे राज्य में हल्की ठंड का असर जारी रहेगा। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब बना रहा, जबकि अधिकतम तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई। राज्य में महेंद्रगढ़ सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

महेंद्रगढ़ सबसे ठंडा

राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान महेंद्रगढ़ में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस कम है। चंडीगढ़ शहर में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अंबाला में यह 8.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। करनाल में न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस और नारनौल में 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राज्य के अधिकतम तापमान में भी आई गिरावट

राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन यह अभी भी सामान्य के करीब है। भिवानी में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस और अंबाला में 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हिसार में अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस और नारनौल में 22.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

ये भी पढ़ें: सोनीपत के युवक की किडनैपिंग के बाद हत्या, किडनैपरों ने कहा था- यो कबूतर म्हारे धोरे है, 25 लाख त्यार कर ल्यो