सात जिलों में बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त, भारी बारिश ने भी बढ़ाई परेशानी

Punjab Flood News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब में बाढ़ का कहर जारी है। अभी तक लाखों एकड़ फसलें पूरी तरह से तबाह हो चुकी हैं। प्रदेश के सात जिलों में स्थिति ज्यादा खराब है। यहां पर न केवल फसलें बल्कि लोगों की कृषि योग्य भूमि का भी बड़े स्तर पर कटाव हुआ है और बाढ़ बहाकर ले गई है। इसके साथ ही रिहायशी एरिया में भी बाढ़ के पानी से काफी ज्यादा नुकसान हो चुका है। लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों पर पहुंच रहे हैं। वहीं लोगों को जान माल की चिंता सता रही है।

ये जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हुए

बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित जिलों में पठानकोट, होशियारपुर, गुरदासपुर, कपूरथला, तरनतारन, फाजिल्का और फिरोजपुर शामिल हैं। इसके अलावा तरनतारन और अमृतसर में भी हालात खराब होते जा रहे हैं। बीते 24 घंटे में पौंग बांध और रणजीत सागर बांध का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया। हालात बेकाबू होते देख पंजाब पुलिस के साथ सेना, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर का भी सहारा लिया गया है। भाखड़ा बांध में भी लगातार पानी आने की वजह से उसका जलस्तर भी दिनोंदिन बढ़ रहा है।

बांधों से लगातार पानी छोड़ा जा रहा

मंगलवार को आरएसडी से कुल 1.70 हजार क्यूसिक पानी रावी दरिया में छोड़ा गया। पौंग बांध से 63247 क्यूसिक पानी शाह नहर बैराज में से ब्यास दरिया में छोड़ा गया और भाखड़ा डैम से टर्बाइनों के माध्यम से 36514 और फ्लड गेटों के माध्यम से 6349 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। कई इलाकों में धुस्सी बांध टूटने की वजह से गांवों में पानी भर गया। बाढ़ से हजारों एकड़ फसल तबाह हो चुकी है। दर्जनों घरों को नुकसान पहुंचा है। सड़कें बह जाने की वजह से शहरों से संपर्क कट गया है। घरों में पानी भरने से सामान खराब हो गया है। लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने लगे हैं।

सरकार करवाएगी विशेष गिरदावरी

पंजाब सरकार ने यह घोषणा की है कि प्रदेश के सभी बाढ़ग्रस्त एरिया की विशेष गिरदावरी करवाई जाएगी। इतना ही नहीं लोगों को हुए उनके नुकसान का पूरा मुआवजा भी दिया जाएगा। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज राज्य में बाढ़ के कारण लोगों को हुए हर तरह के नुकसान के लिए उचित मुआवजा देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में ऐसी प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से बचने के तरीकों पर भी विचार किया जाएगा। कपूरथला जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों के तूफानी दौरे के दौरान, लोगों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य में यह स्थिति उत्पन्न हुई है।

ये भी पढ़ें : Patiala Crime News : नवजात का सिर लेकर अस्पताल परिसर में घूमता दिखा कुत्ता