- कोहरे के कारण शून्य रही सडक़ों पर दृश्यता
Rewari News(आज समाज नेटवर्क) रेवाड़ी। बीती रात से ही रेवाड़ी शहर और आसपास के क्षेत्रों को इस सर्दी के मौसम के पहले घने कोहरे ने अपनी चपेट में ले लिया। सोमवार की सुबह यह कोहरा इतना सघन था कि सामान्य जनजीवन और यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही। वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर धीमी गति से चलना पड़ा।
दृश्यता हुई शून्य
सुबह 9 बजे तक कोहरे की सघनता अपने चरम पर थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, सडक़ों पर दृश्यता इतनी कम हो गई थी कि यह मात्र 50 मीटर तक सीमित रह गई थी। सडक़ों पर चल रहे वाहन अपनी हैडलाइट ऑन कर रेंगते हुए नजऱ आए। दृश्यता शून्य होने के कारण सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों और दफ्तर जाने वाले लोगों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ा।
गुरुग्राम का सफर हुआ तीन घंटे का
घने कोहरे का सीधा और सबसे बड़ा असर यातायात व्यवस्था पर पड़ा। शहर की मुख्य सडक़ों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहनों की गति अत्यंत धीमी हो गई, जिससे कई स्थानों पर लंबी कतारें लग गईं। यातायात की स्थिति का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि सोमवार की सुबह कोहरा इतना जबरदस्त था कि रेवाड़ी से गुरुग्राम तक का सफर तय करने में सामान्य समय से अधिक करीब तीन घंटे लग गए। जिला पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एहतियात के तौर पर पेट्रोलिंग बढ़ा दी और वाहन चालकों को धीमी गति से चलने की चेतावनी जारी की।
कई जगह हुई दुर्घटनाएं :
सोमवार की सुबह घने कोहरे के कारण जिले में कई जगह सडक़ दुर्घटनाएं भी हुई है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 पर साहबी पुल के निकट दिल्ली की ओर जाने वाली लेन पर कार, पिकअप व ट्राला की अलग-अलग जगह टकराने से दुर्घटना हुई है। दुर्घटनाओं में वाहनों में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए लेकिन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटनाओं कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर ट्रैफिक भी प्रभावित रहा। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने ट्रैफिक को सुचारु किया।
किसानों को मिली राहत :
स्थानीय मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और अधिक घना कोहरा पडऩे की संभावना व्यक्त की है, जिससे न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। नागरिकों को सुबह और देर रात अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। किसानों के लिए यह कोहरा फिलहाल राहत की खबर लेकर आया है। कृषि विशेषज्ञों ने बताया कि वर्तमान कोहरे से रबी की फसलों, विशेषकर गेहूं और सरसों को किसी तरह का नुकसान नहीं है।
दोपहर में छटा कोहरा, लौटी धूप :
लगभग 11 बजे के बाद कोहरे की सघनता कम होनी शुरू हुई और दोपहर होते-होते कोहरा छट गया। शाम तक आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली रही, जिसने लोगों को ठिठुरन भरी सुबह से थोड़ी राहत दी।
कोहरे में बरते सावधानी :
कोहरे में सडक़ दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है। कोहरे में गाड़ी चलाते समय हमेशा लो-बीम हेडलाइट का उपयोग करें। गाड़ी में फॉग लाइट का प्रयोग अवश्य करें। अपनी गाड़ी की गति को नियंत्रित रखें और सामने वाले वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। वाहन को मोडऩे या धीमा करने से पहले इंडिकेटर दें और जरूरत पडऩे पर धीरे से हॉर्न बजाएं। अत्यधिक घना कोहरा होने पर अनावश्यक और देर रात की यात्रा टाल दें।