एक किन्नर की शिकायत पर परिवहन मंत्री अनिल विज ने दिए आदेश
Ambala News, (आज समाज), अंबाला: हरियाणा के अंबाला में एक महिला पुलिस कर्मी को ऊर्जा, परिवहन व श्रम मंत्री अनिल विज ने सस्पेंड करने के आदेश दिए है। महिला पुलिस कर्मी पर एक किन्नर के साथ बदसलूकी करने का आरोप है। शनिवार को किन्नर अपनी शिकायत लेकर ऊर्जा, परिवहन व श्रम मंत्री अनिल विज के पास पहुंची थी।
किन्नर ने एक आॅडियो रिकॉर्डिंग भी मंत्री विज को सुनाई, जिसमें महिला पुलिसकर्मी द्वारा किन्नर से कथित रूप से बदतमीजी और अभद्र भाषा में बातचीत की गई थी। रिकॉर्डिंग सुनने के बाद मंत्री विज ने मामले को गंभीर मानते हुए वहीं से अंबाला एसपी को फोन कर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पुलिस का काम जनसेवा करना, गलत व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
मंत्री अनिल विज ने इस दौरान कहा कि पुलिस का काम जनसेवा करना है, न कि किसी से बदसलूकी करना। मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी नागरिक के साथ पुलिस द्वारा गलत व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मंत्री विज ने एसपी को निर्देश देते हुए कहा कि कानून सबके लिए बराबर होना चाहिए, चाहे सामने आम नागरिक हो या खास। इसके बाद आरोपी महिला पुलिसकर्मी को सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए गए।
ये भी पढ़ें: 25 नवंबर को पीएम मोदी आएंगे कुरुक्षेत्र