• घर आंगन से लेकर आसपास के इलाके को सुंदर और स्वच्छ बनाना हम सब की जिम्मेदारी: पं. मूलचंद शर्मा

Faridabad News, आज समाज, बल्लभगढ़। बल्लभगढ़ विधानसभा में आज नगर निगम फरीदाबाद द्वारा शीतकालीन फूलों के पौधों का वितरण कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पं.मूलचंद शर्मा पहुंचे। पार्क में पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया।
नगर निगम द्वारा यह कार्यक्रम सेक्टर-22 स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में आयोजित किया गया, जहां लगभग 5 लाख शीतकालीन फूलों के पौधे आमजन को वितरित किए गए।

घरों के आस-पास पेड़-पौधे अवश्य लगाएं

इन पौधों के खिलने से घरों के आंगन, पार्कों और सडक़ों के डिवाइडरों पर रंग-बिरंगे फूल नजर आएंगे, जिससे पूरे क्षेत्र का वातावरण और भी सुंदर एवं स्वस्थ रहेगा। कार्यक्रम में मुख्यातिथि पं. मूलचंद शर्मा ने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे अपने घरों के आस-पास अधिक से अधिक पेड़-पौधे अवश्य लगाएं, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ क्षेत्र और अधिक हरा-भरा बन सके।

उन्होंने नगर निगम द्वारा तैयार किए गए पुष्प पौधों के इस कार्यक्रम के लिए नगर निगम के अधिकारियों को बधाई दी। कार्यक्रम में निगम के पार्षद रवि भगत, ज्ञानेंद्र, संगीता भारद्वाज, कार्यकारी अभियंता हरीश कुमार, एसडीओ विनोद सिंह, एसडीओ नबाव खान, जिला महामंत्री अनुराग गर्ग, कुलदीप मथारू सहित भाजपा पदाधिकारी और सेक्टर के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

बता दें कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों एवं निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा के मार्गदर्शन में नगर निगम द्वारा इन फूलों के पौधों को तैयार कर जनता के लिए उपलब्ध कराया गया है। निगम द्वारा पूरे फरीदाबाद में 17 करोड़ से ज्यादा पौधे तैयार कराए गए हैं। शहरवासियों में पौधें लेने और लगाने का पूरा उत्साह नजर आ रहा है।

यह भी पढ़े : HKRN Employee : विश्वविद्यालय के एचकेआरएन कर्मचारियों ने डिप्टी स्पीकर को सौंपा ज्ञापन