गांव के ही युवक से लव मैरिज करने पर बहन की हत्या की थी
Rohtak Honor Killing Update, (आज समाज), रोहतक: हरियाणा के रोहतक में बुधवार देर रात बहन की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया है। रोहतक सीआईए-2 ने करीब 27 घंटे में ही आरोपियों को पकड़ लिया। रात करीब 12 बजे लाढ़ौत रोड पर आरोपियों का पुलिस से आमना-सामना हो गया। पुलिस ने आरोपियों को रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने गोली चली दी। पुलिस ने भी बचाव में फायरिंग की। दोनों तरफ से करीब 20 राउंड गोलियां चलीं।
संजू मृतका सपना का सगा भाई
इस दौरान गोली लगने से 4 युवक घायल हो गए, जिन्हें पीजीआई में भर्ती करवाया गया है। घायल आरोपियों की पहचान रूखी के अंकित और गौरव, काहनी गांव के राहुल और संजू के रूप में हुई है। आरोपियों में अंकित की उम्र करीब 18 साल है, जबकि अन्य की 19 साल है। इनमें संजू मृतका सपना का सगा भाई है
सपना ने 3 साल पहले गांव के ही युवक से की थी लव मैरिज
गौरतलब है कि रोहतक के काहनी की सपना ने 3 साल पहले गांव के सूरज के साथ प्रेम विवाह किया था, जिससे सपना के परिजन नाराज थे। मायके वालों के डर से करीब दो साल सपना और सूरज गांव नहीं लौटे। पति के साथ रोहतक में कमरा किराए पर लेकर रही। बेटा हुआ। धीरे-धीरे मायके वालों से रिश्ते सुधरने लगे। भाई त्योहारों पर आने भी लगा था। फिर एक फैसले ने सारी कहानी बिगाड़ दी।
सपना के गांव लौटने के फैसले से नाराज थे परिजन
ये फैसला था सपना का पति व बच्चे के साथ गांव लौटना। सपना ने सोचा था-धीरे-धीरे सब ठीक हो जाएगा। लेकिन मायके वाले इसमें बेइज्जती महसूस करने लगे। लोग उन्हें ताने देकर चिढ़ाते थे। इसी वजह से सपना के भाई ने पूरी कहानी ही खत्म करने की ठान ली। नतीजा बुधवार देर रात सपना की गोली मारकर हत्या कर दी। बचाने आए देवर साहिल को भी गोली लगी।
स्कूल टाइम में शुरू हुई थी लव स्टोरी
गांव काहनी का सूरज और सपना एक ही स्कूल में पढ़ते थे। दोनों एक ही जाति के थे। स्कूल टाइम में ही दोनों की लव स्टोरी शुरू हुई। करीब 4 साल तक दोनों का अफेयर चलता रहा और घरवालों को खबर नहीं लगी। जब पता चला तो स्कूल जाना बंद कर दिया। सपना का परिवार गांव में ही शादी करने के खिलाफ था।
साल 2022 में की कोर्ट मैरिज
शादी को लेकर कई बार सूरज के परिवार वालों ने सपना के परिजनों से बात की। लेकिन वह नहीं माने। साल 2022 में सूरज व सपना ने घर से भागकर कोर्ट मैरिज की। तभी से दोनों परिवारों में रंजिश शुरू हो गई। शादी के समय सपना के परिवार से डरकर दोनों ने पुलिस सुरक्षा भी मांगी थी। कुछ समय तक दोनों शादी के बाद पुलिस की निगरानी में रहे। इस बीच कई बार गांव में पंचायत भी हुई।
रोहतक में रहने लगा था सूरज
सूरज ने बताया कि शादी के बाद गांव छोड़कर पत्नी के साथ रोहतक में किराए का कमरा लेकर रहने लगा। वह आॅटो चलाने का काम करता है और उसका छोटा भाई साहिल भी आॅटो चलाता है। दोनों आॅटो चलाकर ही अपने घर का गुजारा करते हैं।
पिता की मौत के बाद गांव लौटा सूरज
सूरज ने बताया कि करीब ढाई साल पहले उसके पिता की मौत हो गई थी। जिसके बाद से गांव में सपना के परिवार की तरफ से कोई विवाद नहीं किया गया। अब उन्हें लगने लगा था कि सपना के परिजन भी धीरे-धीरे मान रहे हैं। इसी वजह से करीब 2 साल पहले गांव लौटने का फैसला लिया। धीरे-धीरे सब सामान्य होने लगा था।
22 नवंबर को सपना के बेटे का जन्मदिन
सूरज की मां निर्मला ने बताया कि बुधवार रात करीब पौने 10 बजे कमरे में बैठे हुए थे। 20 नवंबर को साहिल के जन्मदिन को लेकर बातचीत कर रहे थे कि सुबह क्या-क्या सामान लाना है। 22 नवंबर को पोते देव का भी दूसरा जन्मदिन है, जिसको लेकर भी बात चल रही थी।
तभी सपना का भाई संजू अपने चार साथियों के साथ आया। कमरे में दाखिल होते ही उसने सपना पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जब साहिल डंडा लेकर बचाव करने गया तो आरोपियों ने उस पर गोली चला दी। साहिल ने डंडा अड़ाया तो गोली पेट में लगी।
ये भी पढ़ें: दिल्ली ब्लास्ट में लोकल कनेक्शन की जांच के लिए एसआईटी गठित