- शुक्रवार देर रात 11 बजे शुरू हुई थी बारिश
- भारत मंडपम के सामने भी हुआ जलभराव
Delhi Today Heavy Rain, (आज समाज), नई दिल्ली: नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) में रात से लगातार बारिश हो रही है और रक्षाबंधन (Raksha Bandhan) के त्योहार पर आज सुबह तक कई जगह सड़कें पानी से लबालब हो गई हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार अभी दिल्लीवासियों को बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। अगले कुछ घंटे तक लगातार बारिश हो सकती है। अधिकारियों ने बताया है कि शुक्रवार देर रात 11 बजे बारिश शुरू हुई थी।
भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी
आईएमडी अधिकारियों ने उत्तर, पश्चिम, दक्षिण, दक्षिण-पूर्व और मध्य दिल्ली के कुछ इलाकों में बिजली और गरज के साथ भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया था। हालांकि बाद में इसे घटाकर येलो अलर्ट कर दिया और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। रात से जारी मूसलाधार बारिश के बाद भारत मंडपम के सामने भी जलभराव हो गया है और अंडरपास को बंद करना पड़ा है।
इन इलाकों में भी भरा पानी
इसके अलावा मथुरा रोड,शास्त्री भवन, किदवई नगर, पंचकुइयां मार्ग, आरके पुरम, मोती बाग और गाजियाबाद व गुरुग्राम सहित दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में पानी भर गया है। कनॉट प्लेस, वसंत कुंज और मिंटो ब्रिज में भी जलभराव की खबरें हैं। जगह-जगह जाम की स्थिति है। भारी बारिश के बाद बारापुला पुल के पास वाहनों की रफ्तार धीमी है।
प्रगति मैदान में 100 एमएम बारिश दर्ज
मौसम विभाग ने बताया कि सफदरजंग स्थित दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र में आज सुबह 8.30 बजे तक 78.7 मिमी दर्ज की। वहीं प्रगति मैदान में 100 मिमी, पालम में 31.8 एमएम, पूसा में 69 एमएम और लोधी रोड में सुबह साढ़े आठ बजे तक 80 मिमी बारिश दर्ज की गई।
अधिकतम तापमान 32 डिग्री रहने का अनुमान
आज सुबह तापमान 23.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो औसत से 3.2 डिग्री कम है, जबकि अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
ये भी पढ़ें : Uttarakhand Dharali Destruction: टूटा पुल व भूस्खलन बने बाधा, भटवाड़ी में अटकी हाईटेक मशीनरी