• हुड्डा बुलंद करेंगे जनता की आवाज़, राव नरेंद्र देंगे संगठन को नई दिशा: सोमबीर सिंह

Charkhi Dadri News(आज समाज नेटवर्क)बाढड़ा। हरियाणा की राजनीति में एक नई ऊर्जा का संचार करते हुए कांग्रेस पार्टी ने दो वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया गया है वहीं संगठनात्मक मजबूती के लिए राव नरेंद्र सिंह को हरियाणा कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।इस महत्वपूर्ण फैसले का स्वागत करते हुए पूर्व विधायक सोमबीर सिंह श्योराण ने सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा के आवास पर नवनियुक्त नेता प्रतिपक्ष भूपेन्द्रसिंह हुड्डा को अधाई देते हुए कही तथा कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व विशेष रूप से सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खडग़े का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह फैसला हरियाणा की राजनीति में एक निर्णायक मोड़ साबित होगा।

संगठन को उनमें एक ऐसा नेतृत्व मिला है जो सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की क्षमता रखता है

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हमेशा जनहित की राजनीति की है। वे किसानों, मजदूरों, युवाओं और व्यापारियों की आवाज़ बनकर विधानसभा में सरकार की नीतियों को चुनौती देंगे। सोमबीर सिंह श्योराण ने राव नरेंद्र सिंह की नियुक्ति को भी संगठन के लिए सकारात्मक कदम बताया। उन्होंने कहा राव नरेंद्र सिंह जमीनी स्तर पर जुड़ाव रखने वाले, कर्मठ और विचारशील नेता हैं। उनकी नेतृत्व क्षमता और कार्यकर्ताओं से संवाद की शैली कांग्रेस को गांव-गांव तक मजबूत बनाएगी। संगठन को उनमें एक ऐसा नेतृत्व मिला है जो सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की क्षमता रखता है।

उन्होंने यह भी कहा कि यह समय हरियाणा के लिए एक नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत है। मौजूदा सरकार से त्रस्त जनता एक विकल्प चाहती है और कांग्रेस, अपने अनुभवी नेतृत्व और नए जोश के साथ, उस भरोसे पर खरा उतरने को तैयार है। उन्होंने कहा कि एक तरफ किसान को खरीफ की फसल में अधिक वर्षा होने से मार झेलनी पड़ रही तो दूसरी तरफ रबी की फसल के लिए डीएपी खाद की किल्लत से दो चार होना पड़ रहा है। किसानों की आवाज को चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा विधानसभा में मजबूती देंगे तो दूसरी तरफ राव नरेंद्र सिंह कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सडक़ पर किसान मजदूर कमेरे वर्ग की आवाज को मजबूती से साथ देंगे। उनके अलावा छात्र नेता विजय मोटू उमरवास, सरपंच सुरेश धनासरी,कर्ण सिंह गोठड़ा, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष दीपक सांगवान,युवा अध्यक्ष प्रदीप ढिल्लू,संदीप सुरजा ढाणी, वेद यादव रामलवास इत्यादि मौजूद रहे।

यह भी पढ़े:- Farmers demands are justified : किसानों की मांग जायज, सरकार को करना चाहिए समाधान: सुनील कन्हेटी