Charkhi Dadri News(आज समाज नेटवर्क )चरखी दादरी। इस बार जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। सरदार झाडू सिंह चौक के नजदीक शहीद दलबीर सिंह राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित होने वाले गीता महोत्सव में एक ही स्थान पर अध्यात्म व मनोरंजन का अनोखा समावेश देखने को मिलेगा। शिक्षण संस्थाओं की टीमें और कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से मनोरंजन होगा और प्रदर्शनी, शोभा यात्रा व श्लोकोच्चारण आदि द्वारा लोगों को अध्यात्म से रूबरू होने का अवसर भी मिलेगा। सोमवार को उपायुक्त डा. मुनीश नागपाल ने अधिकारियों सहित धार्मिक व सामाजिक संगठनों की बैठक लेकर महोत्सव की तैयारियों पर चर्चा की।
यह महोत्सव सभी धर्म एवं समुदाय के लोगों का सांझा कार्यक्रम हैं। सभी महोत्सव में बढ चढकर भाग लें
उन्होंने कहा कि श्रीमद भागवत गीता का संदेश सदियों के बाद आज भी व्यवहारिक है। श्रीमद भागवत गीता जीन की पद्धति है। एक विचारधारा है। जिस किसी ने भी गीता संदेश को अपने जीवन में अनपाया है, उसे हर स्तर पर हमेशा सफलता मिली है। श्रीमद भागवत गीता के संदेश को भारत ही नहीं विश्व के बड़े बड़े विद्वानों ने साबित किया है और अपने विचार रखें हैं कि किस प्रकार श्रीमद भागवत गीता ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव किए हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव को जिला में भव्य एवं गरीमामयी तरीके से मनाया जाएगा। इस महोत्सव में कोई भी शिक्षण, धार्मिक व सामाजिक संस्थान भाग ले सकता है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि यह महोत्सव सभी धर्म एवं समुदाय के लोगों का सांझा कार्यक्रम हैं। सभी महोत्सव में बढ चढकर भाग लें।
हरियाणा सरकार की ओर से प्रदेश के सभी जिला में जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक किया जा रहा है और कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन गत 15 नवंबर से 5 दिसंबर तक हो रहा है। इसी कड़ी में जिला स्तरीय गीता महोत्सव का आयोजन स्थानीय शहीद दलबीर सिंह राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में किया जाएगा, जिसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। पहले दिन हवन यज्ञ के साथ महोत्सव का आगाज होगा और आयोजन के दौरान तीनों दिन प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
एक ही आयोजन में मिलेगा मनोरंजन और अध्यात्म का संगम
गीता महोत्सव के दौरान तीनों दिन लोगों को एक ही स्थान पर अध्यात्म और मनोरंजन का अनोखा समावेश देखने को मिलेगा। श्रीमद भागवत गीता का जीवन में महत्व को लेकर महोत्सव के दौरान सेमीनार, श्लोकोच्चारण, नगर शोभा यात्रा आदि के माध्यम से लोगों को जानकारी मिलेगी। जिला की विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संस्थाएं भी इस आयोजन में बढ चढकर भाग ले रही हैं।यही नहीं महोत्सव में प्रख्यात लोक कलाकारों एवं समूहों और शिक्षण संस्थाओं की टीमों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में गीता सार, श्रीकृष्ण लीला, हरियाणा लोक नृत्य, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ सहित विभिन्न विषयों पर आधारित प्रस्तुतियां शामिल रहेंगी।
महोत्सव में भाग लेने के लिए देनी होगी पूर्व सूचना
गीता महोत्सव 2025 में भाग लेने के लिए कोई भी संस्था एवं नागरिक अपनी जानकारी 25 नवंबर तक जिला सूचना एवं जन संपर्क अधिकारी के पुरान लघु सचिवालय भवन की पहली मंजिल पर कमरा नंबर 101 में स्थित कार्यालय में दे सकता है। जानकारी 25 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक डीआईपीआरओदादरीएटदारेटजीमेलडॉटकॉम पर भी भेजी जा सकती है। महोत्सव के दौरान कोई भी नागरिक एवं संस्था प्रदर्शनी, शोभा यात्रा, सेमीनार में और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शिक्षण संस्था भाग ले सकती है। बैठक में एसडीएम योगेश सैनी व आशीष सांगवान, सीटीएम प्रीति रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।