कहा, इतने भारी नुकसान के बावजूद भी केवल 1600 करोड़ की सहायता अपर्याप्त
Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : विनाशकारी बाढ़ से जूझ रहे पंजाब को केंद्र सरकार ने 1600 करोड़ रुपए मदद देने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सहायता की यह घोषणा कल पंजाब दौरे के दौरान की। ज्ञात रहे कि इस साल पंजाब में 1988 के के बाद सबसे ज्यादा भीषण बाढ़ आई है। बाढ़ के दौरान पहले कृषि मंत्री शिवराज चौहान पंजाब के दौरे पर आए थे उसके बाद गत दिवस पीएम मोदी ने पहले पंजाब के बाढ़ग्रस्त एरिया का हवाई सर्वेक्षण किया और उसके बाद गुरदासपुर में बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने पंजाब को तुरंत 1600 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता जारी करने की घोषणा की।
पीएम की घोषणा से हम निराश हुए : अरोड़ा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब के लिए घोषित किए गए 1600 करोड़ के राहत पैकेज पर पंजाब सरकार हमलावर है। मंत्री और आम आदमी पार्टी के सूबा प्रधान अमन अरोड़ा ने गहरी निराशा व्यक्त करते हुए इसे बाढ़ पीड़ित पंजाब के साथ घटिया मजाक करार दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को पंजाब में बाढ़ के कारण बने हालात का जायजा लेने के लिए पंजाब के दौरे पर आए थे। अरोड़ा ने केंद्र पर हमला करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने सूबे को कोई ठोस राहत देने के बजाय पंजाबियों के साथ भद्दा मजाक किया है।
पंजाब सरकार ने मांगी थी इतनी मदद
अमन अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई वाली पंजाब सरकार सूबे के लिए केंद्र द्वारा रोके हुए फंडों के 60 हजार करोड़ रुपए और बाढ़ राहत पैकेज के लिए 20 हजार करोड़ रुपए तत्काल जारी करने की लगातार मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि यह पंजाबियों की दुर्दशा के प्रति केंद्र की स्पष्ट अनदेखी को दर्शाता है। अरोड़ा ने कहा कि पंजाब में खेतीबाड़ी, बुरी तरह बरबाद हो गई है। कटाई से सिर्फ 15-20 दिन पहले ही फसलें तबाह हो गईं हैं। किसानों के पास दोबारा बुआई का कोई मौका नहीं है। हमारे किसान पूरे सीजन की आमदनी गंवा चुके हैं। कुल 4.80 लाख एकड़ कृषि जमीन प्रभावित हुई है और सबसे अधिक नुकसान झोने को हुआ है जो 3.71 लाख एकड़ से अधिक रकबा बनता है।
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : पंजाब में बाढ़ से 51 मौत, 3.87 लाख लोग प्रभावित