Bihar Assembly Elections, (आज समाज), नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां चरम पर है। कहा जा रहा है कि यहां महागठबंधन की गांठ ढीली हो गई है। इसका खंडन करते हुए राजद की तेजतर्रार राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका भारती ने कहा कि महागठबंधन के सियासी विरोधी जनता को मुद्दे से भटकाने की कोशिश में हैं। इसीलिए इस तरह की बातें कही जा रही हैं। महागठबंधन में सब कुछ बिल्कुल ठीक है। कहीं कोई दिक्कत नहीं। प्रियंका भारती ने कहा कि बिहार में रोजगार और पलायन बड़ा मुद्दा है। यही वजह है कि राज्य के हर समुदाय का युवा वर्ग राजद नेता तेजस्वी यादव के साथ पूरी एकजुटता से खड़ा दिख रहा है।

तालमेल के साथ चुनाव लड़ रहे सभी दल

मंगलवार को प्रियंका भारती (Priyanka Bharti) ने कहा कि महागठबंधन से जुड़े सभी दल आपस में पूरी तरह से तालमेल के साथ चुनाव लड़ रहे हैं। यहां किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं है। महागठबंधन में सबकुछ ठीक नहीं है, यह विरोधी दलों द्वारा दुष्प्रचार का हिस्सा है। जबकि हकीकत इससे परे है। प्रियंका भारती ने कहा कि इस चुनाव में बिहार की जनता पूरी तरह से राजद नेता तेजस्वी यादव और महागठबंधन की नीतियों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि मैं पूरे राज्य में घूम रही हूं। जिस तरह से राजद और महागठबंधन के उम्मीदवारों को जनता का समर्थन मिल रहा है, उसे देख विरोधी दलों की परेशानी बढ़ गई है।

बिहार में रोजगार और पलायन बड़ा मुद्दा

राजद की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका भारती ने कहा कि बिहार में रोजगार और पलायन बड़ा मुद्दा है। इससे ध्यान भटकाने के लिए विरोधी दलों के नेता अनाप-शनाप प्रलाप कर रहे हैं। इससे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुंबई-दिल्ली से बिहार जाने वाले लोगों की भीड़ देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां रोजगार और पलायन कितनी बड़ी समस्या है। रेल मंत्रालय कह रहा है कि हजारों अतिरिक्त ट्रेनें चलाई गई हैं, फिर इतनी भीड़ को जगह क्यों नहीं मिल रही है? प्रियंका ने पूछा कि इस सवाल का जवाब कौन देगा? अत्यधिक भीड़ होने कारण ट्रेन से गिरकर मरने वालों की भी सूचनाएं आ रही हैं, इसे भी सरकार नकार रही है। यह ठीक नहीं है। जनता सब देख रही है।

इस चुनाव में हावी है राजद प्रमुख की नीतियां

प्रियंका भारती ने कहा कि सामाजिक न्याय के पुरोधा रहे राजद प्रमुख की नीतियां इस चुनाव में हावी है। रोजगार और पलायन के साथ-साथ सामाजिक सम्मान की बात राज्य की अधिसंख्य आबादी के मन-मस्तिष्क पर छाई हुई है। प्रियंका ने कहा कि लालू जी ने लोगों को सम्मान के साथ जीने का जो हक व अधिकार दिलाया, उसे कोई भी भूल नहीं सकता। मान-सम्मान के साथ रोजी-रोजगार मिले, इसके लिए तेजस्वी यादव राज्य की सभी सीटों पर अपनी मुहिम चलाए हुए हैं। इसका असर भी दिख रहा है। राज्य के युवाओं का जोश तेजस्वी यादव के साथ है। प्रियंका भारती ने कहा कि इस बार बदलाव के लिए लोग वोट करेंगे। उसकी तैयारी सभी ने कर ली है। यह निर्णायक चुनाव है, परिणाम महागठबंधन के पक्ष में आएगा।

पावर प्लांट लगाने के लिए दी गई जमीन पर सवाल

राजद की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका भारती ने गौतम अदानी की कंपनी अदानी पावर लिमिटेड को बिहार सरकार द्वारा थर्मल पावर प्लांट लगाने के लिए दी गई जमीन पर सवाल खड़ा किया। उन्होंने बिहार सरकार व बीजेपी पर निशाना साधा और अदानी को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया। प्रियंका ने अदानी को प्रोजेक्ट दिए जाने के अलावा प्रस्तावित ज़मीन पर बड़ी संख्या में पेड़ों को काटने को लेकर भी सवाल खड़े किए। गौरतलब है कि 5 अगस्त को बिहार कैबिनेट ने फैसला किया कि सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी (अदानी पावर लिमिटेड) को थर्मल पावर प्लांट के लिए क़रीब एक हज़ार एकड़ ज़मीन एक रुपये सालाना की लीज पर दी जाएगी। यह जमीन भागलपुर जिले के पीरपैंती में है। फरवरी 2025 में बिहार सरकार ने नए सिरे से भागलपुर के पीरपैंती में 2400 मेगावॉट के थर्मल पावर प्लांट लगाने की परियोजना प्रस्तावित की थी।

यह भी पढ़ें: Bihar Chunav Update: नामांकन का आज आखिरी दिन, महागठबंधन में सीट बंटवारे पर असमंजस अब भी बरकरार