• संगठन को मजबूत व आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना था बैठकों का उद्देश्य : विरेंद्र कौशिक

Bhiwani News (आज समाज) भिवानी। भाजपा द्वारा शनिवार को जिले के 6 मंडलों में अलग-अलग बैठकें आयोजित की गई। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना था। भाजपा जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक ने सभी बैठकों में हिस्सा लिया और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भिवानी जिला के 6 मंडलों, माधव मंडल, खरक मंडल, जोनपाल मंडल, केशव मंडल, तिगड़ाना मंडल व ग्रामीण मंडल में शनिवार को अलग-अलग बैठकें आयोजित हुईं।

इन बैठकों में मंडल अध्यक्षों, पदाधिकारियों, बूथ अध्यक्षों और अन्य कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। सभी बैठकों में कार्यकर्ताओं ने उत्साह दिखाया और पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस मौके पर जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का लक्ष्य सिर्फ चुनाव जीतना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग तक पहुंचना और उनका विश्वास जीतना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। कौशिक ने कहा कि एक मजबूत संगठन ही पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकता है।

आगामी कार्यक्रमों पर हुई चर्चा

उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का भी आग्रह किया। बैठकों में भाजपा के आगामी कार्यक्रमों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को बताया कि पार्टी जल्द ही कई नए अभियान शुरू करने जा रही है, जिनमें सदस्यता अभियान, वृक्षारोपण अभियान और स्वच्छता अभियान प्रमुख हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन अभियानों में बढ़-चढक़र हिस्सा लेने की अपील की। कौशिक ने कहा कि इन अभियानों के माध्यम से पार्टी जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित कर सकेगी और उनकी समस्याओं को समझ सकेगी।

जिला अध्यक्ष ने शक्ति केंद्र प्रमुख एवं अध्यक्षों को निर्देश दिए कि सभी मंडल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाएं तथा उन्हे इस कार्यक्रम को सुनने के लिए प्रेरित करें। इन बैठकों में जिला प्रभारी रेणु डाबला भी विशेष तौर पर मौजूद रहीं। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों से अवगत करवाते हुए कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य प्रत्येक जन का जीवन स्तर सुधारना है, जिस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए केंद्र व भाजपा सरकार ने अनेक योजनाएं क्रियान्वित की है।

योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाए

अब यह कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि उन योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाए। इस अवसर पर नंदराम धानिया, ठाकुर विक्रम सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संदीप श्योराण, मीना परमार, रविंद्र बापोड़ा, मंडल अध्यक्ष नवीन परमार, नविता तंवर, शिवराज बागड़ी, धनराज यादव, सुनील धारेडू, सोनू शर्मा, जिला महामंत्री रमेश पचेरवाल, रेखा राघव, विशालजीत सिंह, लोकेश बंटी, प्रदीप प्रजापति, राजेश जांगड़ा, धीरज सैनी, जिला कोषाध्यक्ष नवीन गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी राकेश मिश्रा, अंकित पालवास, टोनी राठौर सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़े : Blood Donation Camp : दादी प्रकाशमणि पुण्य स्मृति दिवस पर विशाल रक्तदान शिविर आयोजित